- मालाड को मिली बड़ी सौगात
मुंबई (सं. भा.) । मालाड पूर्व के कुरार विलेज, कोकणीपाडा में रविवार को मुंबई उपनगर के पालक मंत्री एड. आशीष शेलार के कर-कमलों से एक नवनिर्मित बीएमसी अस्पताल का भव्य लोकार्पण किया गया। भाजपा नेता विनोद मिश्रा की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं, युवाओं और भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की भारी उपस्थिति रही। यह अस्पताल अब क्षेत्र के नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण और निःशुल्क चिकित्सा सुविधा प्रदान करेगा, जिससे स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
इस महत्वपूर्ण परियोजना में वार्ड क्रमांक 43 के अध्यक्ष लालू प्रसाद सोनी का विशेष योगदान रहा है। अतिथियों ने इस अवसर पर कहा कि यह अस्पताल भाजपा नेतृत्व की जनता के विकास और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। सरकार लगातार नागरिकों के कल्याण के लिए ऐसे महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। यह नया अस्पताल मालाड और आसपास के क्षेत्रों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा।


