spot_img
Homeमुंबईरसोई का जायका बिगाड़ेगा लहसुन

रसोई का जायका बिगाड़ेगा लहसुन

  • कीमतों में भारी उछाल, बारिश बढ़ाएगी और महंगाई

नवी मुंबई (सं. भा.) । रसोई की शान और जायके का अहम हिस्सा लहसुन अब आम आदमी की जेब पर भारी पड़ने लगा है। नवी मुंबई के एपीएमसी बाजार में लहसुन की कीमतों में 40 से 80 रुपये प्रति किलो तक का जबरदस्त उछाल दर्ज किया गया है, जिसका सीधा असर खुदरा बाजार में दिखने लगा है। कुछ ही दिन पहले तक एपीएमसी में 80 से 100 रुपये प्रति किलो बिकने वाला लहसुन अब 140 से 180 रुपये तक पहुंच गया है। प्रीमियम क्वालिटी का लहसुन तो 200 रुपये प्रति किलो के पार जा चुका है।
थोक बाजार में 1 किलो के पैकेट का भाव जो कुछ दिन पहले 140 से 170 रुपये था, वह अब 200 से 220 रुपये तक हो गया है। वहीं, खुदरा बाजार में स्थिति और भी चिंताजनक है; जहाँ लहसुन पहले 140 से 160 रुपये प्रति किलो मिल रहा था, अब वह 200 से 250 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है। व्यापारियों का अनुमान है कि बारिश का मौसम शुरू होते ही कीमतें और बढ़ेंगी।
व्यापारी राजेश गुप्ता ने बताया कि “अचानक हुई बारिश के कारण किसान खेतों से लहसुन निकाल नहीं पाए हैं, जिसके चलते बाजार में इसकी आवक (सप्लाई) कम हो गई है।” इसी का असर कीमतों पर दिख रहा है। गौरतलब है कि मई महीने में लहसुन का सीजन भी खत्म हो जाता है। अब बाजार में केवल पहले से इकट्ठा किया हुआ स्टॉक ही आएगा। बारिश में लहसुन के रख-रखाव और ट्रांसपोर्टेशन में भी दिक्कतें आती हैं, जिससे कीमतें और बढ़ने की आशंका है। यह स्थिति उपभोक्ताओं के लिए चिंता का सबब बन गई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com