सब-वे का काम तेज
मुंबई (स भा): रोजाना विभिन्न कामों के लिए महाराष्ट्र विधानभवन या मंत्रालय जाने वाले लोगों की राह दिसंबर 2025 से आसान होने वाली है। इसके लिए मुंबई मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (एमएमआरसीएल) ने 306 मीटर लंबे सब-वे का निर्माण कार्य तेज कर दिया है। मेट्रो-3 कॉरिडोर के विधान भवन मेट्रो स्टेशन और मंत्रालय के बीच सब-वे निर्माण के लिए पाइलिंग का काम 100% पूरा हो गया है। सब-वे के लिए एनएटीएम (न्यू ऑस्ट्रियन टनलिंग मेथड) तकनीक से खुदाई का काम 74% और स्ट्रक्चर तैयार करने का काम 24% तक कर लिया गया है। दिसंबर 2025 तक इस प्रोजेक्ट का काम पूरा करने का लक्ष्य है।
सुरक्षा के मद्देनजर इसमें दो अलग-अलग मार्ग तैयार किए जा रहे हैं। एक मार्ग केवल मंत्रालय और विधान भवन के कर्मचारियों के लिए, जबकि दूसरा आम जनता के लिए होगा। इन दोनों बिल्डिंगों में रोजाना लोगों का आना-जाना लगा रहता है। इस बात को ध्यान में रखते हुए 2019 में सब-वे तैयार करने को लेकर सार्वजनिक निर्माण विभाग और एमएमआरसीएल के बीच करार हुआ था। सुरक्षा कारणों से आपत्ति के चलते सब-वे के निर्माण कार्य पर रोक लगा दी गई थी। जरूरी मंजूरी मिलने के बाद दिसंबर 2022 में कार्य दोबारा शुरू हुआ।
98.8 करोड़ रुपये होंगे खर्च
मेट्रो के विधानभवन और मंत्रालय से जोड़ने के लिए 306 मीटर लंबे सब-वे का निर्माण जारी है। सब-वे को विधानभवन, मंत्रालय और एडमिनिस्ट्रेटिव बिल्डिंग से जोड़ा जाएगा। भूमिगत सब-वे से अधिकारी और कर्मचारी आसानी से एक इमारत से दूसरी इमारत तक जा सकेंगे। सब-वे के निर्माण पर 98.8 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। आरे से कोलाबा के बीच मेट्रो-3 कॉरिडोर का निर्माण किया गया है। आरे से आचार्य अत्रे चौक तक मेट्रो सेवा शुरू हो चुकी है। मेट्रो प्रशासन सितंबर तक सेवा शुरू करने की योजना पर काम कर रहा है।


