वेलिंग्डन व आरएनए परियोजना पर दिलाई राहत की उम्मीद
मुंबई(स भा) : उत्तर मुंबई के पूर्व सांसद और भाजपा नेता गोपाल शेट्टी ने गुरुवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर शहर के दो बड़े हाउसिंग संकटों की ओर ध्यान दिलाया। ताड़देव स्थित वेलिंग्डन सोसायटी और गोरेगांव (पश्चिम) के आरएनए एक्सॉटिका प्रोजेक्ट से जुड़े मुद्दों पर उन्होंने मुख्यमंत्री से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।
वेलिंग्डन सोसायटी के निवासियों को बेदखली का डर
मुलाकात के दौरान शेट्टी ने वेलिंग्डन सोसायटी की गंभीर स्थिति रखी। 34 मंजिला इस इमारत की 17वीं से 34वीं मंजिल तक अब तक ऑक्यूपेशन सर्टिफिकेट (ओसी) जारी नहीं हुआ है। इस कारण यहां रह रहे परिवारों पर बेघर होने का खतरा मंडरा रहा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि गणेशोत्सव जैसे महत्वपूर्ण त्योहार के समय महानगरपालिका (बीएमसी) निवासियों को बेदखल न करे और उनकी सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए। शेट्टी की बात पर तुरंत संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री फडणवीस ने बीएमसी आयुक्त भूषण गगराणी से फोन पर बात की और निवासियों को राहत देने के निर्देश दिए। इससे सोसायटी के लोगों में बड़ी राहत की भावना देखने को मिली।
15 साल से अटकी आरएनए एक्सॉटिका परियोजना
इसी बैठक में गोपाल शेट्टी ने गोरेगांव (पश्चिम) के राम मंदिर स्थित आरएनए एक्सॉटिका परियोजना का मुद्दा भी उठाया। इस प्रोजेक्ट का काम पिछले 15 वर्षों से रुका हुआ है, जिससे 300 से अधिक फ्लैट खरीदार अपने घर का इंतजार कर रहे हैं।
शेट्टी ने मुख्यमंत्री को विस्तार से बताया कि फ्लैट धारकों को न्याय दिलाने के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि गणेशोत्सव तक इस परियोजना के पुनः शुभारंभ के लिए भूमिपूजन समारोह आयोजित कर काम को शुरू किया जाएगा।
निवासियों को मिली उम्मीद
मुख्यमंत्री फडणवीस के हस्तक्षेप के बाद दोनों ही मामलों में सकारात्मक माहौल बना है। वेलिंग्डन सोसायटी के निवासियों को जहां बेघर होने से राहत मिली है, वहीं आरएनए परियोजना के खरीदारों को भी अपने घर मिलने की उम्मीद जगी है।


