वसई (संवाददाता)। नवघर माणिक पुर पुलिस स्टेशन के अपराध शाखा टीम को चोरी के मामले में एक ब़डी सफलता हाथ लगी है। टीम द्वारा एक चोर को गिरफ्तार किया गया है, गिरफ्तार चोर ने मुंबई व आसपास के क्षेत्रों में २५ से अधिक चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है, पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
शहर में चोरी की घटनाओं को देखते हुए पालघर पुलिस अधीक्षक मंजुनाथ शिंगे के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक राज तिलक रोशन व उपविभागीय पुलिस अधिकारी दत्ता तोटेवाड के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक अनिल पाटिल, सहायक पुलिस निरीक्षक सुनील जाधव, पुलिस उप निरीक्षक प्रशांत देसाई, बालू बादल, पुलिस नाईक नेमाडे, वलवी, बागुल, सिपाही सानप व तारवी आदि की एक टीम गठित की गयी थी।
२५ से अधिक वारदातों का खुलासा
टीम ने मुखबीर से मिली सूचना के आधार पर भायंदर पूर्व के अच्छेलाल पाल (३८) से पूछताछ की। गिरफ्तार आरोपी से चोरी गए तेल के डिब्बे बरामद किए गए। उसने वसई पुलिस स्टेशन क्षेत्र में की गयी चोरी को भी कबूल किया। उसके पास से चोरी किए गए ८५ किलो काजू और बादाम सहित अन्य सामग्रियों को पुलिस ने बरामद किया है, जिसकी कीमत १ लाख ६४ हजार रुपए बतायी गयी हैं।


