मुंबई (सं. भा.)। ‘संडे हो या मंडे रोज खाओ अंडे’ यह विज्ञापन गम वर्षो से छोटे पर्दे अर्थात टेलीविजन पर देखते आए हैं। एक तरह से अंडा कई लोगों का सुबह के नाश्ते में मनपसंद डिश बन चुका है। लेकिन पकाने में आसान अंडा अब खाने में थोड़ा कड़वा लग सकता है क्योंकि इस संडे से अंडा महंगा हो जाएगा। थोक बाजार में एक दर्जन अंडे की कीमत ८० रुपए के पार पहुंच जाने के कारण खुदरा बाजार में ग्राहकों को एक अंडे के लिए करीब २ रुपए तक अधिक देने पड़ेंगे।
बता दें कि वर्तमान में खुदरा बाजार में एक अंडा ५ से ५.५० रुपए में मिल रहा था लेकिन थोक में अंडे के दाम बढ़ जाने से अब एक अंडा ७ से ८ रुपए में मिलेगा। अंडे की कीमतों में बढ़ोत्तरी देशी अंडो के मामलों में भी देखने की मिली है। थोक मार्केट में देशी अंडो की कीमत १२० रुपए प्रति दर्जन हो गई है, इसलिए अब तक ८-९ रुपए में बिकने वाला देशी अंडा अब खुदरा बाजार में ११-१२ रुपए में मिल सकता है। बताया जा रहा है कि ट्रकों की हड़ताल तथा मानसून में भारी बारिश के कारण अंडे-सब्जियों की आवक घट गई है। लेप्टो तथा अन्य बीमारियों के फैलने की आशंका के डर से भी लोग हरी सब्जियों से परहेज करने लगे हैं, जबकि अंडे की खपत बढ़ गई है। जिसका खामियाजा अंडे के शौकीनों को भुगतना पड़ेगा।


