spot_img
Homeमुंबईकबूतरों को दाना डालने पर एक महिला समेत चार लोगों पर मामला,...

कबूतरों को दाना डालने पर एक महिला समेत चार लोगों पर मामला, जुर्माना वसूली जारी

मुंबई (स.भा): बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेशों के बावजूद सार्वजनिक स्थानों पर कबूतरों को दाना डालने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ताज़ा मामला बांद्रा तालाब क्षेत्र का है, जहां बीएमसी कर्मचारी योगेश जयसिंग फालके और उनकी टीम ने गुरुवार सुबह तीन युवकों और एक महिला को कबूतरों को दाना डालते हुए देखा।

पुलिस ने इस महिला समेत चार लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 270, 271, 223 और 221 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान मेहताब अहमद शेख, निखिल हरिनाथ सरोज, सलम दुर्गेश कुमार और महिला के तौर पर की गई है। महिला मौके से बाइक से फरार हो गई। तीनों युवकों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया और नोटिस देकर छोड़ दिया गया। महिला की तलाश जारी है।

बीएमसी सूत्रों के अनुसार, यह चौथा मामला है। इससे पहले कुल 64 लोगों से कुल 32,000 रुपये का जुर्माना वसूला जा चुका है। सूत्रों ने बताया कि हाईकोर्ट के आदेश के अनुसार सार्वजनिक स्थानों पर कबूतरों को दाना डालना गैरकानूनी है, और दाना डालने की अनुमति केवल विशेष रूप से निर्धारित जगहों पर ही दी जाती है।

गौरतलब है कि चारकोप पुलिस स्टेशन क्षेत्र में भी लोग लगातार हाईकोर्ट आदेश की अवहेलना कर कबूतरों को दाना डाल रहे हैं। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, यह गतिविधि ओल्ड लिंक रोड, गणेश नगर पूजा बिल्डिंग के सामने हो रही है, लेकिन बीएमसी और पुलिस इस क्षेत्र में निगरानी में ढील बरत रही हैं और अब तक किसी पर कार्रवाई नहीं हुई है। अधिकारी इस बात से भी अवगत हैं कि नियम का पालन नहीं हो रहा, लेकिन अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com