मुंबई (सं. भा.) : वनराई पुलिस ने कार से रेकी कर दुकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले एक गिरोह के 4 सदस्यों को गिरफ्तार किया है. उनके पास से 6 लाख 60 हजार रुपए के सामान बरामद किए गए हैं. पुलिस ने आरोपियों के पास से उस कार को भी जब्त कर लिया है, जिससे शहर के विभिन्न इलाकों में रेकी कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे. उत्तर प्रादेशिक विभाग के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजेश प्रधान और परिमंडल-12 के पुलिस उपायुक्त डॉ.विनयकुमार राठोर के मार्गदर्शन में वनराई पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक ज्योत्सना रासम, पुलिस निरीक्षक बालकृष्ण चव्हाण, उप निरीक्षक प्रशांत गांगुर्डे और सिपाही कारंडे की टीम ने गुप्त सूचना पर दहिसर चेक नाका पर ट्रैप लगाकर एक संदिग्ध कार को पकड़ा. कार में 4 लोग सवार थे. पुलिस ने उनसे पूछताछ की, तो सामने आया कि आरोपी गोरेगांव (पूर्व) के एक दुकान का ताला तोड़कर 1 हजार 300 किलो कॉपर की चोरी कर भागने के फिराक में थे. पुलिस की आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि वे कार से मुंबई सहित आस-पास के जिलों में रेकी करते थे और दुकानों एवं घरों में चोरी की वारदात को अंजाम देते थे. आरोपियों ने वनराई, कस्तुरबा मार्ग, नालासोपारा, विरार और वालिव पुलिस स्टेशन में चोरी की कई वारदात को अंजाम दिया है.


