मुंबई (सं. भा.) : दादर आरपीएफ ने गोवा से नाबालिग लड़की के अपहरण की गुत्थी सुलझा ली है. पुलिस ने आरोपी अब्दुल अलीम मियां (38) को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसके चंगुल से नाबालिग को छुड़ाया है. मुंबई आरपीएफ कंट्रोल रूप को शनिवार की रात को गोवा पुलिस से सूचना मिली कि गोवा से एक नाबालिग लड़की का अपहरण कर मुंबई लाया गया है. उसका लोकेशन दादर रेलवे स्टेशन है.
दादर आरपीएफ ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपी की खोजबीन शुरु कर दी. आरपीएफ को दादर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-5 पर एक व्यक्ति नाबालिग लड़की के साथ संदिग्ध स्थिति में दिखाई दिया. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो पता चला कि वह गोवा से मालिक की नाबालिग लड़की को भगाकर लाया है.
आरपीएफ ने नाबालिग के अपहरण के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी की पहचान अब्दुल अलीम मियां (38) के रूप में हुई. उसके चंगुल से नाबालिग को छुड़ा लिया गया. आरपीएफ के अधिकारियों ने बताया कि अब्दुल मियां गोवा के एक कंट्रेक्टर के यहां काम करता था. वह मालिक की नाबालिग लड़की को बहला फुसला कर मुंबई लेकर आया. आरपीएफ पुलिस ने आरोपी और नाबालिग लड़की को गोवा पुलिस को सौंप दिया.


