हेल्थ‑इंश्योरेंस के नाम पर लाखों की ठगी
पनवेल(स भा): आजकल साइबर ठग नई तकनीक का इस्तेमाल कर लोगों को फँसाने लगे हैं। हेल्थ‑इंश्योरेंस या अन्य सेवाओं का झांसा देकर ये ठग नकली एप और लिंक के जरिए बैंकिंग की जानकारी चुराते हैं और खाते से पैसे निकाल लेते हैं। पनवेल में इसी तरह की घटना में एक व्यक्ति के खाते से लगभग 1.41 लाख रुपये उड़ा लिए गए।
पुलिस के अनुसार, अज्ञात नंबर से कॉल आने के बाद पीड़ित ने बताए गए लिंक या एप के जरिए अपनी बैंकिंग जानकारी साझा कर दी। ठग पहले भरोसा जुटाते हैं और फिर तकनीक का इस्तेमाल कर संवेदनशील डेटा चुरा लेते हैं। इस तरह के मामलों में शिकार अक्सर अनजान कॉल या मैसेज पर जल्दी भरोसा कर बैठते हैं।
अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान लिंक या एप को डाउनलोड न करें और बैंकिंग डिटेल्स किसी के साथ साझा न करें। अगर किसी खाते से संदिग्ध लेन‑देने की सूचना मिले, तो तुरंत बैंक और साइबर सेल को सूचित करना चाहिए।


