मुंबई, (सं.भा.) दहिसर पूर्व में दहिसर पुलिस स्टेशन से महज कुछ ही दूरी पर संचालित आशीष बार एक बार फिर गंभीर सवालों के घेरे में है। स्थानीय लोगों और सूत्रों का आरोप है कि इस बार में नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। देर रात तक बार बालाओं से ग्राहकों के सामने डांस कराए जाने और आए दिन ग्राहकों के साथ विवाद व मारपीट की शिकायतें सामने आती रही हैं, लेकिन इसके बावजूद कार्रवाई का असर दिखाई नहीं देता।
देर रात तक बार बालाओं का डांस, कार्रवाई से पहले पिछला दरवाजा सक्रिय होने के आरोप

सूत्रों का दावा है कि बार के पीछे झोपड़पट्टी क्षेत्र की ओर एक निकास मार्ग बना हुआ है। आरोप है कि जैसे ही संभावित कार्रवाई की भनक लगती है, बार में मौजूद लड़कियों को उसी रास्ते से बाहर निकाल दिया जाता है, जिससे जांच प्रभावित हो जाती है। इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
इलाके के लोगों का कहना है कि जब पुलिस उपायुक्त (उत्तर परिमंडल-3) गजानन राजमाने ने कार्यभार संभाला था, तब बारों पर लगातार कार्रवाई से संचालकों में खौफ था। लेकिन अब हालात फिर पुराने जैसे नजर आने लगे हैं। स्थानीय नागरिक सवाल उठा रहे हैं कि आखिर बार के खिलाफ लगातार शिकायतों के बावजूद सख्त कार्रवाई क्यों नहीं हो रही।
अब निगाहें वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों पर हैं कि वे इन आरोपों की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाते हैं या नहीं। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह केवल एक बार का मामला नहीं, बल्कि कानून व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करेगा।


