spot_img
Homeक्राइमजयप्रीत बार का घोष वाक्य- हम नहीं सुधरेंगे

जयप्रीत बार का घोष वाक्य- हम नहीं सुधरेंगे


  • कार्रवाई के बाद भी हालात जस के तस सवालों के घेरे में दहिसर पुलिस

मुंबई (सं. भा.)। दहिसर के आनंद नगर, सीएस रोड स्थित जयप्रीत बार पर कार्रवाई के बावजूद कथित नियम उल्लंघन की शिकायतें सामने आ रही हैं। ऐसे में बार का मानो घोष वाक्य बन गया है—‘हम नहीं सुधरेंगे’। इससे दहिसर पुलिस की निगरानी और कार्रवाई पर सवाल उठना लाजमी है।

महाराष्ट्र सरकार ने डांस बारों में नियमों के उल्लंघन को लेकर सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस बार-बार नियम तोड़ने वाले प्रतिष्ठानों के लाइसेंस स्थायी रूप से रद्द करने के लिए कानून में संशोधन की बात कह चुके हैं। नए लाइसेंस जारी करने और मौजूदा लाइसेंस के नवीनीकरण पर रोक लगाने की दिशा में भी सरकार ने कदम बढ़ाने की बात कही है। हालांकि, इस संबंध में अभी अंतिम आदेश जारी नहीं हुआ है।

इसी बीच जयप्रीत बार को लेकर स्थानीय स्तर पर मिल रही शिकायतों ने दहिसर पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। सूत्रों के अनुसार, बार में भोजपुरी गानों पर बार बालाओं से ग्राहकों के सामने उत्तेजक नृत्य कराए जाने की शिकायत है। आरोप है कि कथित तौर पर यह सुविधा सभी ग्राहकों के लिए नहीं, बल्कि चुनिंदा ग्राहकों को दी जाती है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

बताया जाता है कि जयप्रीत बार के खिलाफ पहले भी पुलिस कार्रवाई हो चुकी है। इसके बावजूद इसी तरह की शिकायतें सामने आने से कार्रवाई के असर पर सवाल उठ रहे हैं। सवाल यह है कि यदि कार्रवाई के बाद भी कथित गतिविधियां जारी हैं, तो स्थानीय पुलिस को इसकी जानकारी क्यों नहीं है?

परिमंडल-3 के पुलिस उपायुक्त गजानन राजमाने के पदभार संभालने के बाद दहिसर, बोरीवली, कांदिवली और मलाड क्षेत्र में बारों के खिलाफ पुलिस का रुख सख्त हुआ है। नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई के साथ संचालकों को स्पष्ट चेतावनी भी दी गई है। डीसीपी राजमाने की सख्त कार्यशैली की चर्चा पुलिस महकमे के साथ बार संचालकों के बीच भी है।

ऐसे में डीसीपी राजमाने के कार्यक्षेत्र में आने वाले जयप्रीत बार को लेकर सामने आ रही शिकायतें स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती हैं। यदि बार में नियमों के विपरीत गतिविधियां चल रही हैं, तो दहिसर पुलिस की नजर वहां क्यों नहीं पड़ रही? यह सवाल अब स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

दामिनी बार की कहानी, पढ़िए पड़ोसियों की जुबानी!

बोरीवली से जुड़ा बड़ा खुलासा—दामिनी बार को लेकर पड़ोसियों ने क्या-क्या बताया? पढ़ना न भूलें, जल्द ही वेबसाइट पर।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com