चुनाव से पहले राज्य सरकार की पहल, कम दाम में भरपेट भोजन का वादा फिर से जीवित
मुंबई (सं भा): महंगाई के दौर में जहां गरीबों के लिए दो वक्त की रोटी भी मुश्किल होती जा रही है, वहीं राज्य सरकार ने एक बार फिर उनके खाने की थाली सजाने की तैयारी कर ली है। बंद पड़ी ‘शिव भोजन थाली योजना’ को अब दोबारा शुरू किया जा रहा है, ताकि जरूरतमंदों को सस्ते दरों में भरपेट भोजन मिल सके।
राज्य में स्थानीय निकाय चुनावों की आहट के बीच सरकार ने एक बड़ा कदम उठाते हुए शिव भोजन थाली योजना को फिर से शुरू करने का निर्णय लिया है।
सरकार ने इस योजना के लिए 28 करोड़ रुपये का विशेष फंड जारी किया है, जिससे बंद पड़े शिव भोजन केंद्रों को दोबारा चालू किया जाएगा। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए इस योजना के लिए कुल 70 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिसमें से 28 करोड़ रुपये तत्काल वितरण के लिए स्वीकृत किए गए हैं।
शिव भोजन थाली योजना की शुरुआत महा विकास अघाड़ी सरकार के दौरान हुई थी।
इस योजना के तहत मात्र 10 रुपये में दो रोटियां, सब्जी, भाजी और चावल गरीबों और दिहाड़ी मजदूरों को उपलब्ध कराए जाते थे। धन की कमी के कारण पिछले कुछ महीनों में कई केंद्र बंद हो गए थे, जिससे गरीब वर्ग में असंतोष देखा जा रहा था।
अब सरकार ने स्पष्ट किया है कि जारी की गई धनराशि का उपयोग केवल शिव भोजन योजना के संचालन के लिए किया जाएगा।
विभाग ने आदेश में कहा है कि राशि का उपयोग दस दिनों के भीतर करना अनिवार्य होगा, अन्यथा अव्यवहृत धनराशि वापस ले ली जाएगी। धनराशि का वितरण जिला आपूर्ति अधिकारी, राशन वितरण अधिकारी और उप नियंत्रक के माध्यम से किया जाएगा। साथ ही, सभी भुगतान ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के माध्यम से किए जाएंगे और संबंधित डेटा ‘शिव भोजन ऐप’ में दर्ज किया जाएगा। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि चुनावी मौसम में यह कदम सरकार की सामाजिक और जनसंपर्क रणनीति का हिस्सा है, जिससे गरीब और श्रमिक वर्ग को राहत दी जा सके।
हालांकि, आम जनता के लिए यह पहल एक बड़ी राहत के रूप में देखी जा रही है, जो अब फिर से कम दाम में भरपेट भोजन का स्वाद ले सकेगी।


