चमन इरफान
फतेहपुर, (सं. भा.): आगामी राजनीतिक माहौल के बीच उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने फतेहपुर से शिक्षा, घुसपैठ और सामाजिक सुधार को लेकर बड़ा संदेश दिया है। स्कूल के नवनिर्मित भवन के उद्घाटन अवसर पर राज्यपाल ने साफ कहा कि देश को मजबूत बनाने के लिए शिक्षा और संस्कार सबसे बड़ी ताकत हैं, और सरकार राष्ट्रहित से जुड़े मुद्दों पर किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगी।
अपने संबोधन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि देश में घुसपैठ की समस्या गंभीर है और सरकार घुसपैठियों को बाहर निकालने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति ने देश की शिक्षा व्यवस्था को पूरी तरह बदल दिया है, जिससे बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव हो रहा है।
आंगनबाड़ी केंद्रों पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि जनसहयोग से काफी सुधार हुआ है, लेकिन केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को अंतिम लाभार्थी तक पहुंचाने के लिए और प्रयास जरूरी हैं। घरौनी योजना का जिक्र करते हुए राज्यपाल ने कहा कि इससे गरीबों को अपने घर की पहचान और अधिकार मिलेगा, जबकि पूर्व सरकारों ने इस दिशा में कोई ठोस काम नहीं किया।
महिला उत्पीड़न और दहेज प्रथा पर चिंता जताते हुए उन्होंने दहेज को सामाजिक बीमारी बताया और कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही इसे खत्म किया जा सकता है। साथ ही किशोरियों के स्वास्थ्य पर जोर देते हुए उन्होंने एचपीवी वैक्सीन को भविष्य की गंभीर बीमारियों से बचाव के लिए आवश्यक बताया। राज्यपाल ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुधार ही देश के उज्ज्वल भविष्य की नींव हैं।


