मुंबई (सं.भा.): मुंबई में साइबर ठगी के मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है और अब इसकी चपेट में वे अधिकारी भी आ रहे हैं, जो आम नागरिकों को डिजिटल धोखाधड़ी से सतर्क रहने की सलाह देते हैं. माहिम में तैनात एक पुलिस उप-निरीक्षक को गैस कनेक्शन काटने का डर दिखाकर जालसाजों ने ठग लिया। ठगों ने खुद को महानगर गैस लिमिटेड (एमजीएल) का अधिकारी बताकर उनके बैंक खाते से करीब 97 हजार रुपये उड़ा लिए।
पुलिस के अनुसार, माहिम पुलिस स्टेशन में कार्यरत पुलिस उप-निरीक्षक विश्वनाथ पंढरीनाथ तावडे (55) को 7 फरवरी को ड्यूटी के दौरान एक संदेश मिला, जिसमें कहा गया कि उनका गैस कनेक्शन उसी शाम साढ़े सात बजे काट दिया जाएगा। संदेश में समस्या के समाधान के लिए एक कथित एमजीएल अधिकारी से संपर्क करने को कहा गया।
बताए गए नंबर पर कॉल करने पर सामने वाले व्यक्ति ने खुद को गैस कंपनी का अधिकारी बताया और बातचीत के दौरान उप-निरीक्षक को भरोसे में ले लिया। इसके बाद आरोपी ने वाट्सएप के जरिए एक एपीके फाइल भेजी और उसे खोलने को कहा। जैसे ही फाइल ओपन की गई, पीड़ित अधिकारी के बैंक खाते से दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन में कुल 96,896.80 रुपये डेबिट हो गए।
ठगी का तुरंत एहसास होने पर पुलिस उप-निरीक्षक ने नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई और बाद में माहिम पुलिस स्टेशन में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला भी दर्ज कराया गया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या एपीके फाइल पर भरोसा न करें और किसी भी सेवा से जुड़ी जानकारी केवल आधिकारिक नंबरों के जरिए ही सत्यापित करें।


