मुंबई (सं.भा.): मुंबई में किफायती आवास की उम्मीद लगाए बैठे आवेदकों को फिलहाल झटका लगा है। महाराष्ट्र गृहनिर्माण क्षेत्र विकास प्राधिकरण, यानी म्हाडा, की एक प्रशासनिक त्रुटि के कारण 120 घरों की बिक्री प्रक्रिया अस्थायी रूप से रोक दी गई है।प्राधिकरण के मुंबई बोर्ड द्वारा “पहले आओ, पहले पाओ” योजना के तहत विभिन्न इलाकों में घरों की बिक्री शुरू की जानी थी, लेकिन आवेदन प्रक्रिया में एक महत्वपूर्ण शर्त शामिल नहीं हो पाई। जानकारी के अनुसार, आवेदनकर्ताओं के लिए महाराष्ट्र राज्य का अधिवास प्रमाणपत्र अनिवार्य होता है, जिसे आवेदन नियमों में जोड़ना छूट गया। त्रुटि सामने आते ही प्राधिकरण ने एहतियात के तौर पर ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया को रोक दिया। अब सॉफ्टवेयर में आवश्यक संशोधन किए जा रहे हैं, ताकि नियमों के अनुरूप आवेदन प्रक्रिया दोबारा शुरू की जा सके।बताया जा रहा है कि चारकोप, कांदिवली, एंटॉप हिल, पवई, मालाड और मानखुर्द क्षेत्रों के घर इस चरण में शामिल थे। प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, सॉफ्टवेयर अपडेट का कार्य तेजी से जारी है और सुधार पूरा होते ही बिक्री प्रक्रिया पुनः प्रारंभ कर दी जाएगी।म्हाडा का कहना है कि प्रक्रिया को पारदर्शी और नियमसम्मत बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है, ताकि आगे किसी प्रकार की कानूनी या तकनीकी बाधा उत्पन्न न हो।
आवेदन शर्त में त्रुटि, सुधार के बाद फिर शुरू होगी प्रक्रिया
RELATED ARTICLES


