मुंबई (सं.भा.): मालाड के मार्वे स्थित पठारे वाड़ी क्षेत्र में लंबे समय से पनप रहे अवैध निर्माण पर प्रशासन ने एक बार फिर सख्ती दिखाई है। नॉन-डेवलपमेंट जोन (NDZ) में बनाए गए अवैध गोदामों के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाते हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका के पी/नॉर्थ वार्ड और कलेक्टर कार्यालय की टीम ने बड़ी तोड़क कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान 23 अवैध गोदामों को जमींदोज कर करीब 25 हजार वर्ग फीट सरकारी व निजी जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। बताया गया है कि इन गोदामों का उपयोग शूटिंग और शादी समारोह से जुड़े सामान के भंडारण के लिए किया जा रहा था। जेसीबी मशीनों और भारी पुलिस बंदोबस्त के बीच पूरी कार्रवाई ताबड़तोड़ तरीके से अंजाम दी गई।
गौरतलब है कि पठारे वाड़ी क्षेत्र नॉन-डेवलपमेंट जोन में आता है, जहां इस प्रकार के निर्माण की अनुमति नहीं है। स्थानीय स्तर पर यह सवाल भी उठ रहा है कि इलाके में संचालित अन्य इंडस्ट्रियल यूनिट्स, जो कथित रूप से इसी जोन में विकसित की गई हैं, उन पर भी क्या इसी तरह की कार्रवाई होगी? स्थानीय लोगों की जानकारी के अनुसार पी/नॉर्थ वार्ड में पिछले कई महीनों से अवैध निर्माण के खिलाफ लगातार मुहिम चलाई जा रही है। समय-समय पर वार्ड प्रशासन द्वारा विभिन्न इलाकों में अतिक्रमण और अवैध ढांचों पर कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पठारे वाड़ी की यह कार्रवाई भी देखी जा रही है। फिलहाल 23 गोदामों पर चली बुलडोजर कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप है, लेकिन अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्रशासन पूरे इलाके में व्यापक सर्वे कर सभी अवैध इंडस्ट्रियल निर्माणों पर भी समान रूप से सख्ती दिखाएगा या नहीं।


