मुंबई महानगर में यूं तो बहुत सारे पत्रकार, लेखक व कवि है जो बहुत सक्रिय है और जिसे मेरे स्नेहिल व सम्मानित संबंध हैं। लेकिन पिछले कुछ सालों से उनमें एक सर्वोपरि नाम है श्री राजकिशोर तिवारी जी का जो कि पिछले 15 वर्षों से संगठन भारत नामक हिंदी साप्ताहिक अखबार निरंतर प्रकाशित कर रहे हैं। साथ ही वह एक श्रेष्ठ पत्रकार के अन्य दायित्व का निर्वाह भी कर रहे हैं। उनका एक एनजीओ भी है परिवर्तन फाउंडेशन। जिसके जरिए वे महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश तथा जम्मू एवं कश्मीर समेत कई राज्यों में समाज सेवा के विविध प्रकार के कार्य भी करते हैं।
मेरी राय में एक पत्रकार का श्रेष्ठ धर्म यह भी होता है कि वह निष्पक्षता, निडरता और जिम्मेदारी के साथ सच को सामने लाने, लोकतंत्र की आवाज़ बनने और समाज को जागरूक रखने के लिए न केवल प्रयास करे बल्कि समाज सेवा भी करता रहे। श्री राज किशोर तिवारी पत्रकारिता के साथ समाज सेवा के भी पर्याय हैं। इस नाते मैं गर्व पूर्वक यह कह सकता हूं कि उनकी कलम की ताकत देश की उन्नति में सहायक है तथा उनकी समाज सेवा अतुलनीय है।
स्वतंत्रता संग्राम से लेकर स्वतंत्र भारत में लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और प्रगतिशील समाज के विकास में पत्रकारों की भूमिका अनुपम रही है। पिछले 15 वर्षों से मुंबई महानगर में श्री राज किशोर तिवारी जी यह कार्य अप्रतिम समर्पण भाव से कर रहे हैं। वह हर सप्ताह बेहद संवेदनशीलता व प्रतिबद्धता से अखबार का प्रकाशन व संपादन करते हैं। निष्ठा, निर्भीकता एवं प्रतिबद्धता से राष्ट्र व जन चेतना का संचार पत्रकारिता के माध्यम से करते हैं।
मेरा मानना है कि हिंदी पत्रकारिता के माध्यम से जनसरोकारों को स्वर देने और लोकतंत्र को मजबूत करने में श्री राज किशोर तिवारी जी का योगदान अत्यंत महत्त्वपूर्ण है।
मैं जब भी तिवारी जी से मिला हूं उनमें पत्रकारिता और समाज सेवा के प्रति एक अनोखी उमंग का मैंने दर्शन किया है। वह अखबार की एक-एक खबर पर, एक-एक पंक्ति पर ध्यान रखते हैं और इसका भी ध्यान रखते हैं कि उनका अखबार न केवल पठनीय हो बल्कि समाज को एक नई दिशा देने वाला भी साबित हो।
कहते हैं कि एक अच्छा पत्रकार जिज्ञासु, निष्पक्ष, साहसी और सत्यनिष्ठ होता है। उसमें सटीक जानकारी खोजने की लगन, जटिल मुद्दों को समझने की क्षमता और समयसीमा के भीतर काम करने का कौशल होना चाहिए। इसके साथ ही, अच्छी भाषा शैली, मानवीय दृष्टिकोण और पत्रकारिता के नैतिक मूल्यों का पालन करना एक सच्चे पत्रकार के प्रमुख गुण हैं। श्री राज किशोर तिवारी जी में यह सारे गुण समाहित है।
मैं संगठन भारत के 15 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष में अखबार को और तिवारी जी को अपनी ढेर सारी शुभकामनाएं प्रेषित करता हूं तथा मेरा विश्वास है कि वह आगे भी पत्रकारिता के मूल्यों व नैतिकताओं की रक्षा करते हुए अपनी कलम के जरिए समर्पित समाज सेवा करते रहेंगे।
राजेश विक्रांत
वरिष्ठ पत्रकार व लेखक
मुंबई


