मुंबई (सं. भा.); शहर की सड़कों पर अब लापरवाही की कोई जगह नहीं बची है। ट्रैफिक नियमों को बार-बार तोड़ने वालों के खिलाफ आरटीओ ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़े पैमाने पर कार्रवाई की है। जनवरी 2025 से अप्रैल 2026 के बीच चलाए गए विशेष अभियान में 5506 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं, जो इस बात का साफ संकेत है कि अब नियमों की अनदेखी करना चालकों को भारी पड़ेगा।
आरटीओ के आंकड़ों के मुताबिक, सबसे ज्यादा कार्रवाई मुंबई सेंट्रल में हुई, जहां 2587 लाइसेंस सस्पेंड किए गए। इसके बाद वडाला में 1854, अंधेरी में 721 और बोरीवली में 344 लाइसेंस निलंबित किए गए। इससे स्पष्ट है कि शहर के हर हिस्से में नियम तोड़ने वालों पर सख्त नजर रखी जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई मुख्य रूप से उन चालकों पर की गई है जो लगातार गंभीर यातायात नियमों का उल्लंघन कर रहे थे। नशे में गाड़ी चलाना, तेज रफ्तार, रेड सिग्नल तोड़ना और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल जैसे मामलों में सबसे ज्यादा लाइसेंस निलंबित किए गए। इसके अलावा बिना हेलमेट या सीट बेल्ट के वाहन चलाना, क्षमता से अधिक सवारी बैठाना और मालवाहक वाहनों में अवैध रूप से यात्रियों को ढोना भी कार्रवाई के दायरे में रहा।
आरटीओ के वरिष्ठ अधिकारियों ने साफ किया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और शहर के प्रमुख चौराहों, हाईवे व टोल नाकों पर सघन जांच की जाएगी। उनका मानना है कि जुर्माने के मुकाबले लाइसेंस निलंबन ज्यादा प्रभावी कदम है, क्योंकि इससे नियम तोड़ने वालों में डर पैदा होता है।
विशेषज्ञों का कहना है कि सख्त कार्रवाई के साथ-साथ ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने, बुनियादी ढांचे में सुधार और कर्मियों की संख्या बढ़ाने की भी जरूरत है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ और भी कठोर कदम उठाए जाएंगे, ताकि मुंबई की सड़कों को सभी के लिए सुरक्षित बनाया जा सके।
मुंबई में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर बड़ी कार्रवाई 16 महीने में 5500 से ज्यादा लाइसेंस सस्पेंड
RELATED ARTICLES


