जिम्मेदारी से बचते विभाग
वार्ड सीमा के विवाद में फंसी सफाई
ट्रैफिक और बच्चों की सेहत पर खतरा
कांदिवली (सं.भा.) बृहनमुंबई महानगरपालिका के आपली मुंबई ,स्वच्छ मुंबई’ के दावों के बीच जमीनी हकीकत एक बार फिर सामने आई है। कांदिवली पश्चिम के ओल्ड लिंक रोड स्थित एकता नगर के सामने बने आई आई टी स्कूल के ठीक बाहर लंबे समय से कचरे का अंबार लगा रहता है। यहां कचरा एकता नगर के रहिवासियों द्वारा सड़क पर फेंका जाता है। कचरा फेंके जाने के लिए बीएमसी ने यहां कोई उचित व्यवस्था नही किए जाने के कारण लोग सड़क किनारे ही घरों का कचरा फेंकते हैं। जहां पर कचरा फेंका जाता है वह स्थान दो वार्डों पी / पश्चिम और आर / दक्षिण के बीच फंसे होने के कारण यहां पड़े कचरे को उठाने के लिए रोजाना और समय पर कचरा संकलन करने वाली गाड़ी न आने से वहां बदबू का साम्राज्य व्याप्त है और वहां से गुजरने वालों को नाक पर रुमाल रखे बिना वहां से गुजरना मुश्किल होता है। इतना ही नही आई आई टी स्कूल में पढ़ने आने वाले सैकड़ों छात्रों की सेहत पर भी खतरा पैदा कर दिया है।
बता दें कि आर/साउथ विभाग के अंतर्गत आने वाले वार्ड क्रमांक 31 के एकता नगर और ओल्ड लिंक रोड पर स्थित इस आई आई टी स्कूल के सामने कचरे का ढेर लगा हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह-शाम यहां खुलेआम कचरा फेंका जाता है, जिससे उठने वाली बदबू स्कूल परिसर तक पहुंचती है और छात्रों को काफी परेशानी होती है।
ओल्ड लिंक रोड पर दिनभर हजारों वाहनों का आवागमन रहता है, लेकिन सड़क किनारे फैले इस कचरे के कारण मार्ग संकरा हो गया है। इससे पैदल चलने वालों और वाहनों के आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही है और कई बार जाम जैसी स्थिति बन जाती है, जिससे आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
एक तरफ महानगरपालिका ‘आपली मुंबई, स्वच्छ मुंबई’ के नारे को बढ़ावा देती है, वहीं दूसरी ओर इस तरह की लापरवाही सवाल खड़े कर रही है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि अधिकारियों की उदासीनता और विभागों के बीच तालमेल की कमी के कारण समस्या लगातार बनी हुई है।
मामले में जब आर/साउथ विभाग के घन कचरा प्रबंधन से संपर्क किया गया तो उन्होंने इसे अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर बताते हुए जिम्मेदारी पी/ पश्चिम विभाग पर डाल दी। अधिकारियों के अनुसार यह स्थान वार्ड 31 और 32 की सीमा पर स्थित है, जिससे कार्रवाई को लेकर भ्रम की स्थिति बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि आई आई टी स्कूल वार्ड क्रमांक 32 में आता है, जहां की नगर सेविका गीता भंडारी हैं। हालांकि उनसे संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन बात नहीं हो सकी।
अब सवाल यह है कि विभागीय सीमाओं के इस विवाद में आखिर कब तक स्कूल के सामने गंदगी का ढेर लगा रहेगा और ‘स्वच्छ भारत’ के दावे सिर्फ कागजों तक सीमित रहेंगे। स्थानीय लोगों ने कचरे की जल्द सफाई कर ठोस कार्रवाई की मांग की है।
ओल्ड लिंक रोड पर आईआईटी स्कूल के बाहर कचरे का अंबार
RELATED ARTICLES


