spot_img
Homeसंपादकीयचेहरा नहीं काम जरूरी

चेहरा नहीं काम जरूरी

पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के नतीजे भारतीय राजनीति के बदलते संतुलन का संकेत देते हैं। इस बार तस्वीर साफ है कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने तीन राज्यों में जीत दर्ज करी।, जबकि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस और तमिलनाडु में तमिलगा वेत्री कड़गम (विजय की पार्टी) को एक-एक राज्य में सफलता हासिल हुई है। फाइनल चुनाव परिणाम अभी आने हैं, लेकिन रुझानों की बात करें, तो संकेत साफ है कि यह परिणाम सिर्फ चुनावी आंकड़े नहीं, बल्कि राष्ट्रीय और क्षेत्रीय राजनीति के बीच नए समीकरणों का संकेत है। सबसे पहले बीजेपी की बात करें। पश्चिम बंगाल, असम और पुडुच्चेरी, इन तीन राज्यों में बीजेपी की ताकत यह बताती है कि पार्टी की संगठनात्मक ताकत, नेतृत्व की केंद्रीकृत रणनीति और चुनावी मशीनरी अब भी बेहद प्रभावी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चेहरे और उनके ब्रांड पर चुनाव लड़ना अभी भी पार्टी के लिए लाभकारी साबित हो रहा है। खासकर पूर्वोत्तर और छोटे राज्यों में बीजेपी की पकड़ मजबूत होती दिख रही है। यह संकेत भी है कि पार्टी अब केवल हिंदी पट्टी तक सीमित नहीं रही, बल्कि देश के विविध हिस्सों में अपनी राजनीतिक जमीन तैयार कर चुकी है। दूसरी तरफ कांग्रेस जैसी राष्ट्रीय पार्टी की जीत बेहद सीमित रही है। फिर भी उसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। केरल में जीत की तरफ बढ़ती कांग्रेस की यह तस्वीर दिखाती है कि पार्टी पूरी तरह हाशिए पर नहीं गई है। जहां स्थानीय नेतृत्व मजबूत रहा और संगठन ने जमीन पर काम किया, इसीलिए वहां कांग्रेस जीत रही है। राहुल गांधी की हालिया राजनीतिक सक्रियता और जनसंपर्क अभियानों का कुछ असर इन नतीजों में देखा जा सकता है। हालांकि, यह भी साफ है कि कांग्रेस को राष्ट्रीय स्तर पर चुनौती पेश करने के लिए अभी लंबा रास्ता तय करना होगा। सबसे दिलचस्प पहलू तमिलनाडु का रहा, जहां अभिनेता से नेता बने विजय थलपति की पार्टी ने जीत दर्ज की। यह नतीजा इस बात का संकेत है कि दक्षिण भारत में क्षेत्रीय राजनीति अब भी बेहद मजबूत है और उस राजनीति में सिनेमा का तड़का आने वाले कई सालों तक काम करते रहेगा। तस्वीर साफ है कि वहां राष्ट्रीय दलों के लिए सीधी टक्कर आसान नहीं है। विजय की लोकप्रियता, उनकी साफ-सुथरी छवि और युवाओं में उनकी अपील ने इस जीत में अहम भूमिका निभाई। यह भी संभव है कि आने वाले समय में वे दक्षिण भारत की राजनीति में एक बड़ा चेहरा बनकर उभरें। इन चुनावों में छिपे एक बड़े संदेश की व्याख्या करते हुए यह कहा जा सकता है कि भारतीय मतदाता अब पहले से ज्यादा जागरूक और विविध विकल्पों की ओर झुकाव रखने वाला हो गया है। जहां एक तरफ राष्ट्रीय स्तर पर बीजेपी का प्रभाव कायम है, वहीं क्षेत्रीय स्तर पर नए और पुराने खिलाड़ी अपनी जगह बनाए हुए हैं। मतदाता अब केवल एक पार्टी या विचारधारा तक सीमित नहीं है, बल्कि वह स्थानीय मुद्दों, नेतृत्व और प्रदर्शन के आधार पर फैसला कर रहा है। कुल मिलाकर, ये चुनावी नतीजे एक संतुलित लेकिन प्रतिस्पर्धी लोकतंत्र की तस्वीर पेश करते हैं। बीजेपी की बढ़त बरकरार है, कांग्रेस की उम्मीदें जीवित हैं और क्षेत्रीय ताकतें अपनी जमीन मजबूत कर रही हैं। आने वाले विधानसभा और लोकसभा चुनावों से पहले ये परिणाम राजनीतिक दलों के लिए संकेत भी हैं और चेतावनी भी, कि जीत के लिए सिर्फ चेहरा नहीं, बल्कि जमीन पर काम और भरोसा दोनों जरूरी हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com