spot_img
Homeउत्तर प्रदेशप्राथमिक विद्यालय में लापरवाही बनी हादसे की वजह, गर्म दाल से झुलसी...

प्राथमिक विद्यालय में लापरवाही बनी हादसे की वजह, गर्म दाल से झुलसी छात्रा

फतेहपुर (सं.भा.)उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के औंग थाना क्षेत्र स्थित मानिकपुर प्राथमिक विद्यालय में मिड-डे मील वितरण के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गर्म दाल गिरने से कक्षा तीन की सात वर्षीय छात्रा गंभीर रूप से झुलस गई। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे कानपुर रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना के बाद परिजनों ने विद्यालय प्रशासन पर लापरवाही और समय पर सूचना नहीं देने का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार को विद्यालय में मिड-डे मील परोसा जा रहा था। इसी दौरान कक्षा तीन की छात्रा नीतिका निषाद (7), पुत्री शिवकुमार निषाद, गर्म दाल की चपेट में आ गई, जिससे उसकी पीठ गंभीर रूप से झुलस गई। परिजनों का आरोप है कि घटना के समय शिक्षक मोबाइल फोन में व्यस्त थे, जिसके कारण समय रहते बच्ची पर ध्यान नहीं दिया जा सका। हादसे के बाद विद्यालय कर्मियों ने छात्रा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोपालगंज पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए कानपुर के उर्सला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

छात्रा के पिता शिवकुमार निषाद, जो गुजरात में नौकरी करते हैं, ने आरोप लगाया कि उन्हें घटना की सूचना विद्यालय की ओर से तत्काल नहीं दी गई। उन्हें हादसे की जानकारी तब मिली, जब गांव के बच्चे घर लौटे। सूचना मिलते ही उन्होंने अपने रिश्तेदार को अस्पताल भेजा, जहां बच्ची के भर्ती होने की पुष्टि हुई। बाद में छात्रा की मां भी अस्पताल पहुंचीं।

परिजनों का कहना है कि अस्पताल पहुंचने पर विद्यालय का कोई प्रतिनिधि मौजूद नहीं था और घटना के संबंध में स्पष्ट जानकारी भी नहीं दी गई। इस घटना के बाद विद्यालय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। वहीं, स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com