spot_img
Homeउत्तर प्रदेशचढ़ावा चोरी मामले में बार एसोसिएशन की दो टूक, आरोपियों का मुकदमा...

चढ़ावा चोरी मामले में बार एसोसिएशन की दो टूक, आरोपियों का मुकदमा लड़ने वाले वकील पर होगी कार्रवाई

अयोध्या (सं.भा.)राम मंदिर के चढ़ावा चोरी मामले में गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अयोध्या के अधिवक्ताओं ने कड़ा रुख अपनाया है। फैजाबाद बार एसोसिएशन की विशेष बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि कोई भी अधिवक्ता इस मामले में आरोपियों की ओर से न्यायालय में पैरवी नहीं करेगा। बैठक में यह भी प्रस्ताव पारित किया गया कि यदि कोई वकील इस फैसले का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ संगठनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कालिका प्रसाद मिश्र ने बताया कि अधिवक्ताओं ने आरोपियों की पैरवी नहीं करने का सामूहिक निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि यदि कोई सदस्य संगठन के निर्णय के विपरीत जाकर आरोपियों का मुकदमा लड़ता है तो उस पर पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। जुर्माना जमा नहीं करने की स्थिति में उसकी सदस्यता समाप्त करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।

बैठक में यह भी तय किया गया कि अभियोजन पक्ष को मजबूत बनाने के लिए बार एसोसिएशन की ओर से पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं की एक टीम गठित की जाएगी। साथ ही जिलाधिकारी को पत्र भेजकर मांग की जाएगी कि इस मामले की पैरवी के दौरान अधिवक्ता संघ के प्रतिनिधियों को भी शामिल किया जाए। इसके अलावा श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारियों चंपत राय, अनिल मिश्रा और विनोद राय की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच कराने तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग का प्रस्ताव भी पारित किया गया।

बैठक के दौरान अधिवक्ताओं ने चढ़ावा चोरी की घटना पर गहरा रोष व्यक्त किया और इसे करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा मामला बताया। बार एसोसिएशन के सचिव शैलेंद्र जायसवाल ने कहा कि इस घटना से अयोध्या की छवि को ठेस पहुंची है। वहीं कई अधिवक्ताओं ने आरोपियों को कथित रूप से गुपचुप तरीके से अदालत में पेश किए जाने पर भी नाराजगी जताई। उल्लेखनीय है कि एसआईटी की जांच और प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर इस मामले में आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है तथा उनके पास से करीब 80 लाख रुपये बरामद होने की जानकारी सामने आई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com