कल्याण (सं.भा.) थैलेसीमिया से पीड़ित मरीजों की नियमित रक्त आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की कल्याण शाखा ने डॉक्टर्स डे के अवसर पर रविवार को “रेड वेव” नामक रक्तदान शिविर का आयोजन किया। कल्याण पश्चिम स्थित मोहन अल्टेजा बैंक्वेट हॉल में आयोजित इस शिविर में वकीलों, डॉक्टरों, उद्योगपतियों, खिलाड़ियों और विभिन्न क्षेत्रों के लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर सामाजिक सरोकार का परिचय दिया। शिविर में एकत्रित किया गया रक्त थैलेसीमिया से पीड़ित मरीजों को निशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।
आईएमए कल्याण के अध्यक्ष डॉ. राजेश राघव राजू ने बताया कि थैलेसीमिया के मरीजों को नियमित रूप से रक्त की आवश्यकता होती है। इसे ध्यान में रखते हुए हर वर्ष डॉक्टर्स डे के अवसर पर रक्तदान शिविर आयोजित किया जाता है। उन्होंने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों और संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी से इस अभियान के माध्यम से रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ जरूरतमंद मरीजों को जीवनदान देने का महत्वपूर्ण संदेश भी दिया गया है।
शिविर में रक्तदाताओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान रक्तदान के स्वास्थ्य लाभों की भी जानकारी दी गई। आईएमए ने बताया कि रक्तदान से नई रक्त कोशिकाओं का निर्माण होता है और जरूरतमंद मरीजों की जान बचाने में मदद मिलती है। डॉ. राजेश राघव राजू ने बताया कि यह आयोजन आईएमए कल्याण के सचिव डॉ. हिमांशु ठक्कर, कोषाध्यक्ष डॉ. स्वाती दलाल तथा पूरी टीम के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। साथ ही भविष्य में भी ऐसे सामाजिक सरोकार से जुड़े अभियान लगातार आयोजित किए जाने की बात कही गई।
थैलेसीमिया मरीजों के लिए आगे आए रक्तदाता, आईएमए कल्याण का रक्तदान शिविर सफल
RELATED ARTICLES


