spot_img
Homeकल्याणसड़क पर पत्थर डालकर रास्ता रोका

सड़क पर पत्थर डालकर रास्ता रोका

कल्याण (सं.भा.) शहर में विकास कार्यों की सुस्त रफ्तार और बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी का खामियाजा आम नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है। कल्याण पूर्व के नामदेव वाड़ी इलाके में छह मीटर चौड़ा रास्ता पिछले कई दिनों से पत्थरों का ढेर लगाकर बंद कर दिया गया है। इसके कारण बड़े वाहनों की आवाजाही बाधित हो रही है और आसपास की सड़कों पर यातायात का दबाव बढ़ गया है। स्थिति यह है कि स्कूली बसों और एंबुलेंस को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने मनपा प्रशासन की निष्क्रियता पर नाराजगी जताते हुए जल्द रास्ता खुलवाने की मांग की है।

यह सड़क कल्याण पूर्व के प्रभाग 5-ड के अंतर्गत प्रभाग क्रमांक 15 में नामदेव वाड़ी क्षेत्र से गुजरती है। स्थानीय नागरिकों के अनुसार, छह मीटर चौड़ी इस सड़क का काम कई वर्षों से अधूरा पड़ा है। सड़क निर्माण पूरा कराने की मांग लगातार उठाई जा रही है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। इसी बीच सड़क पर पत्थरों का बड़ा ढेर लगा दिए जाने से आवागमन और मुश्किल हो गया है।

नागरिकों का कहना है कि इस क्षेत्र में कई इमारतों के पुनर्विकास के लिए महानगरपालिका ने निर्माण की अनुमति दी है। ऐसे में नई इमारतों के निर्माण से पहले प्रस्तावित सड़क का काम पूरा किया जाना जरूरी था। इसके बावजूद सड़क का काम अधूरा है, जबकि इलाके में नई इमारतों का निर्माण तेजी से जारी है। इससे भविष्य में यातायात संबंधी समस्याएं और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

सड़क पर पत्थरों का ढेर होने के कारण फिलहाल दोपहिया वाहन और रिक्शा ही सीमित रूप से यहां से गुजर पा रहे हैं। भारी वाहनों को दूसरे रास्तों से घूमकर जाना पड़ रहा है। इसके चलते आसपास की सड़कों पर वाहनों की संख्या बढ़ रही है और नियमित रूप से जाम की स्थिति बन रही है। इस मार्ग पर विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों की भी आवाजाही रहती है, जिससे उनकी परेशानी बढ़ गई है।

स्थानीय नागरिकों ने यह आशंका भी जताई है कि सड़क बंद रहने के दौरान यदि इलाके में आग लगने या कोई अन्य आपात स्थिति पैदा होती है, तो अग्निशमन विभाग के वाहनों को घटनास्थल तक पहुंचने में दिक्कत हो सकती है। सड़क पर पड़े पत्थरों से किसी वाहन के टकराने पर दुर्घटना होने का खतरा भी बना हुआ है।

इस समस्या को लेकर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना की नगरसेविका जीतल मंढारी ने महानगरपालिका आयुक्त को तीन पत्र देकर रास्ता खुलवाने और सड़क का काम पूरा कराने की मांग की है। उन्होंने मनपा प्रशासन से लेकर पुलिस प्रशासन तक इस विषय पर ध्यान आकर्षित किया है। इसके बावजूद स्थानीय लोगों के अनुसार, अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है।

नामदेव वाड़ी के नागरिकों ने प्रशासन से सड़क पर पड़े पत्थरों को तत्काल हटाने, छह मीटर चौड़े मार्ग का निर्माण पूरा करने और यातायात सुचारु करने की मांग की है। अब देखना होगा कि महानगरपालिका प्रशासन इस समस्या पर कब कार्रवाई करता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com