spot_img
Homeमहाराष्ट्रमुंबईघर का सपना अधूरा, म्हाडा लॉटरी टलने से 75 हजार आवेदकों के...

घर का सपना अधूरा, म्हाडा लॉटरी टलने से 75 हजार आवेदकों के पैसे फंसे

मुंबई (सं.भा.) अपना आशियाना खरीदने का सपना लेकर म्हाडा की आवास योजना में आवेदन करने वाले हजारों लोग इन दिनों असमंजस में हैं। लॉटरी की तारीख लगातार आगे बढ़ने से न सिर्फ लोगों का इंतजार लंबा हो गया है, बल्कि आवेदन के साथ जमा की गई हजारों से लेकर लाख रुपये तक की डिपॉजिट राशि भी डेढ़ से दो महीने से अटकी हुई है। इससे आवेदकों में नाराजगी और चिंता दोनों बढ़ती जा रही हैं।

मुंबई मंडल की 2,640 आवासीय इकाइयों के लिए म्हाडा ने मार्च के अंत में आवेदन प्रक्रिया शुरू की थी। शुरुआत में अपेक्षा से कम आवेदन मिलने पर आवेदन की अंतिम तिथि दो बार बढ़ाई गई। इसके बाद स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं के चुनाव की आचार संहिता लागू होने से पूरी प्रक्रिया रोक दी गई। पहले 15 मई को लॉटरी निकालने की तैयारी थी, लेकिन अब तक नई तारीख की घोषणा नहीं की गई है।

योजना के तहत अत्यल्प आय वर्ग के आवेदकों से 25 हजार रुपये, अल्प आय वर्ग से 50 हजार रुपये और मध्यम आय वर्ग से 1 लाख रुपये तक की डिपॉजिट राशि ली जाती है। कई आवेदकों ने अलग-अलग श्रेणियों में एक से अधिक आवेदन किए हैं, जिससे उनकी बड़ी रकम भी फंसी हुई है।

नियमों के अनुसार लॉटरी प्रक्रिया पूरी होने के लगभग एक सप्ताह बाद असफल आवेदकों की डिपॉजिट राशि वापस की जाती है। लेकिन लॉटरी में लगातार हो रही देरी के कारण करीब 75 हजार आवेदकों की जमा राशि लंबे समय से अटकी हुई है। अब सभी की निगाहें म्हाडा की ओर हैं कि आखिर लॉटरी की नई तारीख कब घोषित होगी और लोगों का इंतजार कब खत्म होगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com