spot_img
Homeराजनीतिकमीरा-भायंदर मनपा में पहली बार महिला को मिली विरोधी पक्ष नेता की...

मीरा-भायंदर मनपा में पहली बार महिला को मिली विरोधी पक्ष नेता की जिम्मेदारी

मीरा-भाईंदर (सं.भा.)मीरा-भाईंदर मनपा के इतिहास में पहली बार किसी महिला को विरोधी पक्ष नेता की जिम्मेदारी मिली है। कांग्रेस के पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ नेता मुझफ्फर हुसैन की पुत्री तथा नगरसेविका सैय्यद आफरीन मुझफ्फर हुसैन निर्विरोध विरोधी पक्ष नेता चुनी गईं। मनपा मुख्यालय की पहली मंजिल पर स्थित उनके नए कार्यालय का उद्घाटन उनकी दादी एवं पूर्व उपमहापौर नूरजहां बेगम नजर हुसैन तथा पूर्व विधायक मुझफ्फर हुसैन की प्रमुख उपस्थिति में किया गया।

नगरसेविका के रूप में आफरीन अपने वार्ड में पानी, सड़क, स्वच्छता और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार सक्रिय रही हैं। विरोधी पक्ष नेता बनने के बाद उन्होंने कहा कि विपक्ष का दायित्व केवल विरोध करना नहीं, बल्कि शहर के विकास के लिए रचनात्मक सुझाव देना और जनहित के मुद्दों पर मनपा प्रशासन को जवाबदेह बनाना भी है। उन्होंने कहा, “यह पद मेरे लिए सत्ता नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी है। मैं शहर के हर नागरिक, विशेषकर महिलाओं की आवाज बनकर काम करूंगी और जनहित से जुड़े हर मुद्दे को मजबूती से उठाऊंगी।”

महापौर डिंपल मेहता ने सैय्यद आफरीन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नारी शक्ति केवल एक नारा नहीं, बल्कि आत्मबल का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में एक मजबूत विपक्ष की महत्वपूर्ण भूमिका होती है और उन्हें विश्वास है कि सत्ता पक्ष और विपक्ष मिलकर शहर के विकास को नई दिशा देंगे।

पूर्व विधायक मुझफ्फर हुसैन ने कहा कि इससे पहले उनकी माता और वह स्वयं इसी मनपा में उपमहापौर रह चुके हैं। अब उनकी बेटी का विरोधी पक्ष नेता बनना केवल उनके परिवार के लिए नहीं, बल्कि शहर की जनता के विश्वास का सम्मान है। उन्होंने कहा, “एक ही परिवार की तीन पीढ़ियों को जनता ने सेवा का अवसर दिया है। मैं शहरवासियों का हृदय से आभारी हूं। आफरीन से मेरी यही अपेक्षा है कि वह पद की गरिमा बनाए रखते हुए संविधान का सम्मान करें, जनता के दुख-दर्द को समझें और हमेशा उनकी आवाज बनकर काम करें। जब कोई जनप्रतिनिधि अपने पद को अधिकार नहीं, बल्कि कर्तव्य मानकर निभाता है, तभी वह सही मायनों में जनता का प्रतिनिधित्व करता है।”

नगरसेवक जय ठाकुर ने कहा कि महिला मुद्दों, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे विषयों पर आफरीन की अच्छी पकड़ है। उनके नेतृत्व में विपक्ष और अधिक मजबूत होगा तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाएगा।

कार्यालय उद्घाटन समारोह में सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई नगरसेवक, पूर्व महापौर, महिला पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com