भाईंदर (सं.भा.) : सुबह दफ्तर और अन्य जरूरी कामों के लिए घरों से निकले हजारों लोगों का सफर सोमवार को घोड़बंदर मार्ग पर आकर थम गया। कुछ ही घंटों की तेज बारिश ने इस महत्वपूर्ण मार्ग को जलभराव, दुर्घटनाओं और ट्रैफिक जाम का केंद्र बना दिया। कई वाहन बीच रास्ते में बंद पड़ गए, जबकि लंबी कतारों में फंसे लोगों को घंटों तक परेशानी झेलनी पड़ी।
हालात ऐसे हो गए कि पुलिस को यातायात संभालने के लिए अतिरिक्त बल तैनात करना पड़ा।
मौसम विभाग की ओर से ठाणे जिले के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किए जाने के बीच घोड़बंदर क्षेत्र में तेज बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिला।
संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान की पहाड़ियों से बड़ी मात्रा में पानी सड़क पर आने के कारण करपे कंपाउंड और आसपास के हिस्सों में जलभराव हो गया। सड़क पर पानी भरने से वाहन चालकों के लिए रास्ता देख पाना भी मुश्किल हो गया।
गायमुख घाट के पास एक भारी वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। वहीं कई कारों और अन्य चारपहिया वाहनों के इंजन में पानी घुसने से वे बीच सड़क पर ही बंद पड़ गए। इसके कारण ठाणे, मीरा-भाईंदर और मुंबई-अहमदाबाद राजमार्ग की ओर जाने वाले मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात की रफ्तार पूरी तरह थम गई।
सूचना मिलते ही काशीमीरा ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त तथा खराब वाहनों को हटाने का अभियान शुरू किया। अतिरिक्त यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती कर वाहनों की आवाजाही सामान्य करने का प्रयास किया गया।
काशीमीरा ट्रैफिक विभाग के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रफुल वाघ ने नागरिकों से अपील की है कि मौसम सामान्य होने तक अनावश्यक यात्रा से बचें और अत्यंत आवश्यक होने पर ही घोड़बंदर मार्ग का उपयोग करें।
पुलिस ने बताया कि मुंबई-अहमदाबाद राजमार्ग के संवेदनशील स्थानों पर पहले से पंपिंग मशीनें और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा पूरे मार्ग पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
घोड़बंदर मार्ग पर बारिश का कहर जाम में फंसी हजारों गाड़ियां
RELATED ARTICLES


