spot_img
Homeमहाराष्ट्रलाइफलाइन में बड़ी चूक! चलती लोकल का दरवाजा निकला, यात्रियों में दहशत

लाइफलाइन में बड़ी चूक! चलती लोकल का दरवाजा निकला, यात्रियों में दहशत

मुंबई (सं.भा.) मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन की सुरक्षा व्यवस्था पर शनिवार को एक बार फिर सवाल खड़े हो गए। बोरीवली स्टेशन के पास दौड़ रही पश्चिम रेलवे की एक लोकल ट्रेन का दरवाजा अचानक अपनी जगह से निकलकर एक ओर लटक गया। चलते ट्रेन में दरवाजा निकलने से डिब्बे में मौजूद यात्रियों में हड़कंप मच गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि घटना के समय कोई यात्री दरवाजे के पास नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, यह घटना शनिवार दोपहर करीब 12:21 बजे बोरीवली-विरार लोकल (ट्रेन संख्या 92087/92106) के कोच नंबर 2270B में हुई। ट्रेन बोरीवली स्टेशन के पास पहुंची ही थी कि अचानक दरवाजा अपनी फिटिंग से निकलकर लटक गया। यात्रियों ने तत्काल इसकी सूचना रेलवे कर्मचारियों को दी, जिसके बाद दरवाजे को अस्थायी रूप से सुरक्षित किया गया और ट्रेन को आगे रवाना किया गया।

घटना के बाद संबंधित कोच को विस्तृत तकनीकी जांच और स्थायी मरम्मत के लिए कारशेड भेज दिया गया है। पश्चिम रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक, जांच में यह पता लगाया जाएगा कि दरवाजा यांत्रिक खराबी, लंबे समय तक इस्तेमाल से हुई घिसावट या रखरखाव में किसी कमी के कारण अपनी जगह से निकला।

इस घटना ने एक बार फिर मुंबई लोकल ट्रेनों के रखरखाव और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रोजाना लाखों यात्रियों को उनकी मंजिल तक पहुंचाने वाली इस परिवहन व्यवस्था में इस तरह की तकनीकी खामियां यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा रही हैं। रेलवे ने मामले की जांच शुरू कर दी है और रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com