कल्याण (सं.भा) ठाणे जिले के कल्याण में प्रेम संबंध से जुड़ी एक खौफनाक वारदात सामने आई है। एक युवती पर अपने प्रेमी की हत्या कर शव को फ्लैट के बाथरूम में छिपाने और सबूत मिटाने की साजिश रचने का आरोप है। कई दिनों से बंद फ्लैट से आ रही दुर्गंध और आरोपी युवती के एक वॉयस मैसेज के बाद इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ। पुलिस ने शव बरामद कर मामले की जांच शुरू कर दी है, जबकि आरोपी युवती फरार बताई जा रही है।
कल्याण पूर्व के मलंग रोड स्थित नीलकंठ सोसायटी में यह घटना सामने आई। पुलिस के अनुसार, बंद फ्लैट से लगातार दुर्गंध आने के बाद लोगों को संदेह हुआ। इसी दौरान फ्लैट मालिक को आरोपी युवती का वॉयस मैसेज मिला, जिसमें उसने बाथरूम में शव पड़े होने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही मानपाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई।
तलाशी के दौरान बाथरूम में एक बड़ी बोरी मिली, जिसमें युवक का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या धारदार हथियार से वार कर की गई। इसके बाद शव को बोरी में भरकर बाथरूम में छिपाया गया। पुलिस को शक है कि सबूत मिटाने के उद्देश्य से बाथरूम का नल भी लगातार चालू रखा गया था।
वारदात के बाद आरोपी युवती कोलकाता फरार हो गई। मानपाड़ा पुलिस ने हत्या और साक्ष्य नष्ट करने का मामला दर्ज कर लिया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाए हैं और आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम कोलकाता रवाना की गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद हत्या के पीछे की असली वजह सामने आएगी।


