भाईंदर: (सं.भा.)रिहायशी इलाके की सड़क पर एलपीजी गैस सिलेंडरों से भरे डिलीवरी वाहनों की पार्किंग ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। मीरा रोड के साईबाबा नगर क्षेत्र में लंबे समय से सड़क किनारे खड़े इन वाहनों को लेकर नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने सख्त कदम नहीं उठाए तो छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। लोगों ने सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने और इस व्यवस्था पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार एचपी गैस एजेंसी के कई मिनी ट्रकों में 14.2 किलोग्राम वाले सैकड़ों घरेलू एलपीजी सिलेंडर लोड रहते हैं, जिन्हें घंटों तक सड़क किनारे खड़ा छोड़ दिया जाता है। आरोप है कि कई बार चालक वाहन लॉक कर वहां से चले जाते हैं, जबकि ज्वलनशील पदार्थों से भरे वाहनों के साथ चालक या परिचालक की मौजूदगी सुरक्षा नियमों के तहत आवश्यक मानी जाती है।
रहवासियों का कहना है कि जहां ये वाहन खड़े किए जाते हैं, वहां घनी आबादी है। पास में निर्माण कार्य भी चल रहा है, जहां मजदूर खाना बनाने के लिए आग का उपयोग करते हैं। ऐसे में गैस सिलेंडरों से भरे वाहनों की मौजूदगी किसी भी समय गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।
फायर सेफ्टी विशेषज्ञों के अनुसार एलपीजी सिलेंडरों का सुरक्षित भंडारण, पर्याप्त वेंटिलेशन और लगातार निगरानी बेहद जरूरी है। तेज धूप, अत्यधिक तापमान या किसी वाहन की टक्कर जैसी स्थिति में सिलेंडरों के भीतर दबाव बढ़ सकता है, जिससे आग या विस्फोट का खतरा पैदा हो सकता है। यदि एक सिलेंडर प्रभावित होता है, तो चेन रिएक्शन के कारण आसपास रखे अन्य सिलेंडर भी इसकी चपेट में आ सकते हैं और व्यापक नुकसान हो सकता है।
शिवसेना केरला सेल के जिलाध्यक्ष सज्जी आईपी ने मांग की है कि एलपीजी डिलीवरी वाहनों के लिए अलग ‘सेफ पार्किंग जोन’ बनाया जाए तथा रिहायशी इलाकों में इस तरह की पार्किंग पर सख्ती से रोक लगाई जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वाहन में अग्निशमन उपकरण उपलब्ध होना चाहिए और चालक की मौजूदगी भी अनिवार्य की जाए।
वहीं, सूचना का अधिकार कार्यकर्ता केतना बारिया ने कहा कि रिहायशी क्षेत्रों में गैस सिलेंडरों से भरे वाहनों की पार्किंग केवल नियमों का उल्लंघन नहीं, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो किसी भी अप्रिय घटना की पूरी जिम्मेदारी संबंधित एजेंसी और प्रशासन की होगी।


