ठाणे | प्रमोद कुमार
मानसून के दौरान विद्युत दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए टोरेंट पावर ने अपने फ्रेंचाइजी क्षेत्र में व्यापक विद्युत सुरक्षा एवं उपभोक्ता जागरूकता अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत बिजली की दृष्टि से असुरक्षित पाई गई 266 इमारतों को नोटिस जारी किए गए हैं। कंपनी का उद्देश्य सुरक्षित बिजली उपयोग को बढ़ावा देना और संभावित दुर्घटनाओं को रोकना है।
टोरेंट पावर के अनुसार, नोटिस प्राप्त इमारतों को दो श्रेणियों में रखा गया है। पहली श्रेणी में वे इमारतें शामिल हैं जहां बिना मीटर के अनधिकृत रूप से बिजली का उपयोग किया जा रहा है। ऐसे अवैध कनेक्शन बिजली नेटवर्क पर अतिरिक्त भार डालते हैं, जिससे करंट लगने, शॉर्ट सर्किट, आग लगने और अन्य गंभीर हादसों का खतरा बढ़ जाता है। कंपनी ने संबंधित इमारतों को अधिकृत बिजली मीटर लगवाकर अपने बिजली उपयोग को नियमित करने की सलाह दी है।
दूसरी श्रेणी में वे इमारतें हैं जहां बिजली के मीटर तो लगे हुए हैं, लेकिन आंतरिक वायरिंग या मीटर से परिसर तक जाने वाली विद्युत लाइन जर्जर, असुरक्षित या रखरखाव के अभाव में खराब स्थिति में है। टोरेंट पावर ने ऐसी इमारतों को लाइसेंस प्राप्त इलेक्ट्रिकल कॉन्ट्रैक्टर से वायरिंग की जांच, मरम्मत और आवश्यक नवीनीकरण कराने के निर्देश दिए हैं। कंपनी का कहना है कि मानसून के दौरान ऐसी लापरवाही बड़े हादसों का कारण बन सकती है।
अभियान के तहत जिन इमारतों को नोटिस जारी किए गए हैं, उनमें परशुराम निवास (कनेरी), मास्टर अपार्टमेंट (गौरीपाड़ा), जलाराम हाउसिंग सोसायटी (गोकुल नगर), शिवम रेजीडेंसी (तेमघर पाड़ा), सदफ अपार्टमेंट (वफा कॉम्प्लेक्स), अल सबा अपार्टमेंट (अवचित पाड़ा), रहमत कॉम्प्लेक्स (पिरानी पाड़ा), यशराज अपार्टमेंट (पद्म नगर) और तहमी अपार्टमेंट (निजामपुरा) प्रमुख हैं।
जनहित और पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए टोरेंट पावर ने अपने कंज्यूमर पोर्टल पर विद्युत दृष्टि से असुरक्षित घोषित इमारतों की पूरी सूची भी उपलब्ध कराई है। कंपनी ने सभी उपभोक्ताओं, हाउसिंग सोसायटियों, मकान मालिकों और संपत्ति धारकों से केवल अधिकृत बिजली कनेक्शन का उपयोग करने तथा समय-समय पर विद्युत व्यवस्था की जांच और रखरखाव सुनिश्चित करने की अपील की है, ताकि विद्युत दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।


