spot_img
Homeकल्याणकल्याण में एफडीए की बड़ी कार्रवाई

कल्याण में एफडीए की बड़ी कार्रवाई

बिना लाइसेंस रखी एलोपैथिक दवाएं जब्त

कल्याण (सं.भा.) : प्रमोद कुमार

ठाणे जिले के कल्याण (पूर्व) स्थित खड़ेगोलवली क्षेत्र में संचालित प्रकाश पॉलीक्लीनिक पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए बिना वैध लाइसेंस के रखी गई एलोपैथिक दवाओं का स्टॉक जब्त किया। कार्रवाई के दौरान ₹1,03,610 मूल्य की दवाएं सीज की गईं, जबकि दो दवाओं के नमूने गुणवत्ता परीक्षण के लिए सरकारी प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

एफडीए द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार यह कार्रवाई 21 जुलाई 2026 को टाटा कॉलोनी, खड़ेगोलवली स्थित प्रकाश पॉलीक्लीनिक में की गई। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि क्लीनिक में एलोपैथिक दवाओं का भंडारण किया गया था, लेकिन संबंधित औषधि बिक्री के लिए आवश्यक वैध लाइसेंस उपलब्ध नहीं था।

निरीक्षण के दौरान टीम ने उपलब्ध दवाओं का पंचनामा तैयार कर लगभग ₹1.03 लाख मूल्य का स्टॉक जब्त कर लिया। साथ ही दो दवाओं के नमूने लेकर उन्हें गुणवत्ता एवं वैधानिक जांच के लिए सरकारी प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित प्रावधानों के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एफडीए अधिकारियों ने बताया कि बिना वैध लाइसेंस के दवाओं का भंडारण या बिक्री औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध है। विभाग ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे दवाएं केवल अधिकृत मेडिकल स्टोर अथवा लाइसेंसधारी संस्थानों से ही खरीदें और किसी भी अनियमितता की सूचना तत्काल प्रशासन को दें।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com