मुंबई (सं.भा.) आर्थिक राजधानी मुंबई से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पत्नी से चल रहे घरेलू विवाद और तनाव के बीच एक पिता ने कथित तौर पर अपने ही 10 वर्षीय मासूम बेटे को मौत के घाट उतार दिया। आरोप है कि पत्नी से बदला लेने की नीयत से आरोपी बेटे को समुद्र किनारे ले गया और उसे समुद्र में डुबो दिया। घटना का खुलासा बच्चे का शव मिलने और पुलिस जांच के बाद हुआ। मामले में गोराई पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान बंटी कालिदास राव (40) के रूप में हुई है, जो जुहू चौपाटी पर फोटोग्राफर का काम करता था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी का अपनी पत्नी के साथ लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते उसने पत्नी को मानसिक आघात पहुंचाने और उससे बदला लेने की कथित मंशा से अपने ही बेटे को निशाना बनाया।
जानकारी के मुताबिक आरोपी अपने 10 वर्षीय बेटे को गोराई क्षेत्र के समुद्र तट पर ले गया, जहां उसने कथित तौर पर उसे समुद्र में डुबो दिया, जिससे मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया।
इस बीच मालवणी पुलिस में पिता और बेटे के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गई। जांच के दौरान गोराई के कोलेवेम बीच पर एक नाबालिग का शव बरामद हुआ। शव की पहचान लापता बच्चे के रूप में होने के बाद पुलिस का संदेह उसके पिता पर गहरा गया।
तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और गुप्त सूचना के आधार पर गोराई पुलिस ने वर्सोवा स्थित आरोपी की बहन के घर पर छापा मारकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में मिले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। इस हृदयविदारक घटना ने न केवल एक मासूम की जान ले ली, बल्कि पारिवारिक कलह के भयावह परिणामों को भी उजागर कर पूरे मुंबई को स्तब्ध कर दिया है।


