मुंबई (सः.भा.) सड़क दुर्घटना हो या कोई अन्य आपात स्थिति, मरीज तक समय पर एंबुलेंस पहुंचाना अब महाराष्ट्र सरकार की प्राथमिकता होगी। इसी उद्देश्य से राज्य सरकार जल्द नई स्टेट एंबुलेंस पॉलिसी लागू करने जा रही है। परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत राज्य की सभी पंजीकृत एंबुलेंस को डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम से जोड़ा जाएगा, जिससे उनकी लोकेशन, उपलब्धता, पहुंचने का समय और सेवा की गुणवत्ता पर रियल टाइम निगरानी रखी जा सकेगी। सरकार का लक्ष्य इमरजेंसी मेडिकल सेवा को तेज, पारदर्शी और जवाबदेह बनाना है।
राज्य में वर्तमान में 108 आपातकालीन सेवा के तहत करीब 1,076 एंबुलेंस संचालित हैं, जबकि निजी अस्पतालों, ट्रस्टों और स्वयंसेवी संस्थाओं की 4,500 से 5,000 एंबुलेंस अलग-अलग स्तर पर सेवाएं दे रही हैं। अभी तक इन सभी एंबुलेंस को जोड़ने वाला कोई एकीकृत सिस्टम नहीं है, जिससे लोगों को उपलब्धता, किराया और सुविधाओं की जानकारी एक ही मंच पर नहीं मिल पाती।
नई नीति के तहत एक डिजिटल प्लेटफॉर्म और मोबाइल ऐप विकसित किया जाएगा। इसके जरिए लोग नजदीकी एंबुलेंस की लाइव लोकेशन देख सकेंगे, उसके पहुंचने का अनुमानित समय जान सकेंगे, बुकिंग से पहले किराया देख सकेंगे और आवश्यकता पड़ने पर वीडियो कॉल के माध्यम से प्राथमिक उपचार संबंधी सलाह भी प्राप्त कर सकेंगे।
सरकार एंबुलेंस सेवा में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए किराया व्यवस्था को भी डिजिटल बनाने जा रही है। प्रस्तावित नियमों के अनुसार सभी पंजीकृत एंबुलेंस संचालकों को अपना किराया ऐप पर प्रदर्शित करना होगा। विभिन्न श्रेणी की एंबुलेंस के लिए अधिकतम किराया तय किया जाएगा तथा प्रत्येक यात्रा का डिजिटल रिकॉर्ड और ई-रसीद उपलब्ध होगी, जिससे आपातकाल के समय मनमाना शुल्क वसूलने की शिकायतों पर रोक लगाई जा सकेगी। इसके साथ ही एंबुलेंस चालकों और मेडिकल स्टाफ को भी डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाएगा।
परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने कहा कि किसी भी दुर्घटना या गंभीर आपात स्थिति में शुरुआती कुछ मिनट सबसे महत्वपूर्ण होते हैं। यदि तकनीक और बेहतर समन्वय के जरिए मरीज तक समय पर चिकित्सा सहायता पहुंचाई जाए तो अनेक लोगों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने बताया कि सरकार आने वाले महीनों में नई स्टेट एंबुलेंस पॉलिसी को अंतिम रूप देने की दिशा में तेजी से काम कर रही है।
एक क्लिक पर मिलेगी नजदीकी एंबुलेंस, महाराष्ट्र सरकार की नई तैयारी
RELATED ARTICLES


