spot_img
Homeमहाराष्ट्रमानसून में बढ़ा खतरा, डेंगू-मलेरिया के मामलों ने बढ़ाई स्वास्थ्य विभाग की...

मानसून में बढ़ा खतरा, डेंगू-मलेरिया के मामलों ने बढ़ाई स्वास्थ्य विभाग की चिंता

मुंबई (सं.भा.) मानसून के साथ महाराष्ट्र में मच्छर जनित बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। राज्य में इस वर्ष अब तक 11,543 लोग इन बीमारियों की चपेट में आ चुके हैं, जबकि तीन मरीजों की मौत हो चुकी है। बढ़ते संक्रमण को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं और लोगों से लक्षण दिखाई देने पर तत्काल जांच व उपचार कराने की अपील की है।

राज्य स्वास्थ्य विभाग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक इस वर्ष मलेरिया के 6,997, डेंगू के 3,762 और चिकनगुनिया के 784 मामले दर्ज किए गए हैं। डेंगू से धुले, जलगांव और परभणी जिलों में एक-एक मरीज की मौत की पुष्टि हुई है। लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए जिला स्तर पर निगरानी बढ़ा दी गई है और संक्रमण प्रभावित क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।

स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सरकारी अस्पतालों में जांच और उपचार की समुचित व्यवस्था उपलब्ध है। लोगों से अपील की गई है कि तेज बुखार, बदन दर्द, प्लेटलेट्स में कमी या अन्य लक्षण दिखाई देने पर स्वयं दवा लेने के बजाय तुरंत चिकित्सकीय जांच कराएं। समय पर उपचार से गंभीर स्थिति से बचा जा सकता है।

संक्रमण पर नियंत्रण के लिए राज्यभर में मलेरिया के 89 सेंटिनल सेंटर और डेंगू के 50 सेंटिनल सेंटर सक्रिय किए गए हैं। किसी मरीज में संक्रमण की पुष्टि होने पर उसके आसपास के क्षेत्र में तत्काल फॉगिंग, लार्वा नियंत्रण और अन्य मच्छर नियंत्रण उपाय किए जा रहे हैं, ताकि बीमारी को फैलने से रोका जा सके।

वहीं, पिछले वर्षों के आंकड़े भी चिंता बढ़ाने वाले हैं। बीएमसी और आरटीआई से उपलब्ध जानकारी के अनुसार 2023 से 2025 के बीच मुंबई में डेंगू, मलेरिया और लेप्टोस्पायरोसिस से 99 लोगों की मौत दर्ज की गई। अकेले 2025 में मलेरिया से 7 और डेंगू से 5, यानी मच्छर जनित बीमारियों से 12 लोगों की जान गई थी। ऐसे में स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से घर और आसपास पानी जमा न होने देने, मच्छरदानी और रिपेलेंट का उपयोग करने तथा साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com