spot_img
Homeमहाराष्ट्रमुंबईअगस्त के आखिरी हफ्ते नयनतारा की डबल ट्रीट, दो दिन में दो...

अगस्त के आखिरी हफ्ते नयनतारा की डबल ट्रीट, दो दिन में दो बड़ी फिल्में

मुंबई (सं.भा.) दक्षिण भारतीय सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री नयनतारा अगस्त के आखिरी सप्ताह में दर्शकों को लगातार दो फिल्मों की सौगात देने जा रही हैं। खास बात यह है कि उनकी दोनों फिल्मों की रिलीज के बीच महज दो दिनों का अंतर है। 26 अगस्त को ‘टॉक्सिक’ सिनेमाघरों में पहुंचेगी, जबकि 28 अगस्त को ‘हाय’ दर्शकों के बीच दस्तक देगी। ऐसे में बॉक्स ऑफिस पर नयनतारा की लगातार दो रिलीज को लेकर खास उत्सुकता बनी हुई है।

पहली फिल्म ‘टॉक्सिक’ में नयनतारा अभिनेता यश के साथ नजर आएंगी। गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी इस बड़े स्तर की एक्शन फिल्म में नयनतारा यश की बहन की भूमिका निभा रही हैं। फिल्म में कियारा आडवाणी, तारा सुतारिया, रुक्मिणी वसंत और हुमा कुरैशी भी अहम भूमिकाओं में हैं। यश और नयनतारा की जोड़ी को पहली बार इस तरह के बड़े प्रोजेक्ट में देखने के लिए दर्शक उत्साहित हैं।

‘टॉक्सिक’ की रिलीज के ठीक दो दिन बाद नयनतारा की दूसरी फिल्म ‘हाय’ सिनेमाघरों में आएगी। इसमें उनके साथ अभिनेता कविन मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म की रिलीज पहले 14 अगस्त निर्धारित की गई थी, जिसे बाद में बदलकर 28 अगस्त कर दिया गया।

दोनों फिल्मों में नयनतारा का अंदाज बिल्कुल अलग नजर आने वाला है। एक ओर ‘टॉक्सिक’ बड़े बजट और एक्शन से भरपूर फिल्म है, वहीं ‘हाय’ में अभिनेत्री एक अलग तरह की कहानी में दिखाई देंगी। लगातार दो फिल्मों की रिलीज के कारण नयनतारा के सामने बॉक्स ऑफिस पर भी एक दिलचस्प स्थिति होगी।

खास बात यह भी है कि इस बार अभिनेत्री अपनी फिल्मों के प्रमोशन में सक्रिय नजर आ रही हैं।

‘टॉक्सिक’ के लॉन्च इवेंट के साथ-साथ वह ‘हाय’ से जुड़ी प्रचार गतिविधियों में भी हिस्सा ले रही हैं। अब सबकी नजर इस बात पर है कि पहले ‘टॉक्सिक’ दर्शकों को कितना प्रभावित करती है और उसके महज 48 घंटे बाद रिलीज होने वाली ‘हाय’ बॉक्स ऑफिस पर कैसी शुरुआत करती है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com