मुंबई (सं.भा.) मानसून के बीच मुंबई में मच्छरजनित बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है। मलेरिया के बढ़ते मामलों ने महानगरपालिका के स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। जून से अगस्त के दौरान अब तक हजारों लोग मलेरिया की चपेट में आ चुके हैं, जबकि अगस्त में मामलों में तेजी देखी गई। स्थिति को देखते हुए बीएमसी ने मच्छरों के प्रजनन स्थलों को खत्म करने और बीमारी पर नियंत्रण के लिए अभियान तेज कर दिया है।
महानगरपालिका के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, जून से 15 अगस्त 2026 तक मुंबई में मलेरिया के 3,177 मामले सामने आए। जून में 655 मरीज मिले थे, जबकि जुलाई में यह संख्या बढ़कर 1,380 तक पहुंच गई। अगस्त के पहले पखवाड़े में ही 1,142 नए मामले सामने आने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता और बढ़ गई।
आंकड़ों पर नजर डालें तो जून की तुलना में जुलाई में मलेरिया के मामलों में 725 की बढ़ोतरी हुई। अगस्त के शुरुआती 15 दिनों में दर्ज 1,142 मामलों ने बीमारी की रफ्तार को और तेज कर दिया। बीएमसी के मुताबिक, बारिश के मौसम में मच्छरों के प्रजनन के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनने से मलेरिया समेत अन्य मच्छरजनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।
महानगरपालिका के स्वास्थ्य अधिकारियों ने मामलों में वृद्धि को मौसमी बदलाव से जोड़ते हुए सितंबर तक स्थिति पर लगातार नजर रखने की बात कही है। इसके साथ ही मलेरिया फैलाने वाले मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए विभिन्न इलाकों में अभियान चलाया जा रहा है। संभावित प्रजनन स्थलों की जांच, पानी जमा होने वाले स्थानों की निगरानी और नागरिकों को सावधानी बरतने के लिए जागरूक किया जा रहा है।


