spot_img
Homeमहाराष्ट्रमालाड में फर्जी कॉल सेंटर का पर्दाफाश, 19 लोग गिरफ्तार

मालाड में फर्जी कॉल सेंटर का पर्दाफाश, 19 लोग गिरफ्तार

मुंबई (सं.भा.)नामचीन कंपनियों की फ्रेंचाइजी दिलाने का झांसा देकर लोगों से कथित तौर पर लाखों रुपए की ठगी करने वाले एक गिरोह का बांगुर नगर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मालाड पश्चिम में चल रहे एक कथित फर्जी कॉल सेंटर पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 19 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 17 टेलीकॉलरों के मोबाइल फोन, 8 लैपटॉप, एक्सेल शीट और फ्रेंचाइजी से संबंधित दस्तावेज समेत करीब 23 लाख रुपए का सामान जब्त किया है।

पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई मार्वे रोड स्थित नूतन स्कूल के पास ‘एम फिन्स सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड’ नामक कंपनी में की गई। आरोप है कि यहां से अमेजन, फ्लिपकार्ट, मिंत्रा, ब्लू डार्ट, डीटीडीसी और बिगबास्केट जैसी कंपनियों की आजीवन फ्रेंचाइजी दिलाने तथा भारी मुनाफा कमाने का लालच देकर लोगों से संपर्क किया जाता था।

  • लाखों का सामान जब्त 

जांच में यह भी सामने आया कि कंपनी के मालिक सोहनलाल गुप्ता और उसके सहयोगी मोबाइल फोन तथा वाट्सऐप के जरिए लोगों से संपर्क साधते थे। फ्रेंचाइजी के लिए रकम जमा कराने के बाद कथित तौर पर पीड़ितों के फोन का जवाब देना बंद कर दिया जाता था। पुलिस के अनुसार, अब तक 22 लोगों से कुल 14.83 लाख रुपए की ठगी किए जाने की जानकारी सामने आई है।

गौरतलब है कि पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कॉल सेंटर में इस्तेमाल किए जा रहे मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं। इन दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच के जरिए पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क से अब तक कितने लोगों से संपर्क किया गया और कितने लोग कथित ठगी के शिकार हुए हैं।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) तथा सूचना प्रौद्योगिकी कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों में संतोष गुप्ता, चिराग शाह, ऐश्वर्या येशु, फातिमा सैय्यद, कासिम अंसारी, कैफ काजी, राकेश गुप्ता, आरती नादर, आर्यन अंसारी, रोहित किरेकर, शीतल शर्मा, प्रियंका कुशवाहा, आफरीन शेख, मणिकुमार गंदन, सुंदरम झा, महक खान, अनिकेत पवार, वंदेश गावड़े और पार्थ राजपूत शामिल हैं।

पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस कथित फर्जी फ्रेंचाइजी नेटवर्क का संचालन कब से किया जा रहा था तथा इसमें अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com