spot_img
Homeमहाराष्ट्रडॉक्टरों से मारपीट मामले में रमेश म्हात्रे को सुप्रीम कोर्ट का झटका

डॉक्टरों से मारपीट मामले में रमेश म्हात्रे को सुप्रीम कोर्ट का झटका

डोंबिवली (सं. भा.) ठाणे जिले के डोंबिवली स्थित शास्त्रीनगर अस्पताल में डॉक्टरों और अस्पताल कर्मचारियों से कथित मारपीट के मामले में कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका के नगरसेवक रमेश म्हात्रे की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सर्वोच्च न्यायालय ने महाराष्ट्र सरकार की ओर से दाखिल जमानत रद्द करने की याचिका पर सुनवाई करते हुए म्हात्रे को दी गई जमानत रद्द कर दी और उन्हें तीन दिन के भीतर पुलिस के समक्ष पेश होने का निर्देश दिया है। न्यायमूर्ति विक्रम नाथ और न्यायमूर्ति संदीप मेहता की पीठ ने मामले में चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोगों की सुरक्षा को लेकर भी कड़ी टिप्पणी की।

मामला 6 जुलाई 2026 को डोंबिवली के शास्त्रीनगर अस्पताल में हुई कथित मारपीट से जुड़ा है। एक महिला मरीज के उपचार में कथित देरी को लेकर हुए विवाद के बाद रमेश म्हात्रे और अन्य लोगों पर डॉक्टरों तथा अस्पताल कर्मचारियों के साथ मारपीट करने का आरोप लगा था। इस मामले में म्हात्रे सहित अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।

बॉम्बे हाईकोर्ट ने बाद में रमेश म्हात्रे और अन्य आरोपियों को कुछ कड़ी शर्तों के साथ जमानत दी थी। जमानत की शर्तों के तहत म्हात्रे को महाराष्ट्र से बाहर रहने तथा गोवा में संबंधित पुलिस थाने में नियमित उपस्थिति दर्ज कराने का निर्देश दिया गया था। इन शर्तों में राहत की मांग को लेकर म्हात्रे ने सर्वोच्च न्यायालय का रुख किया था।

सुनवाई के दौरान सर्वोच्च न्यायालय ने राज्य सरकार से जमानत रद्द कराने के लिए याचिका दाखिल करने को लेकर सवाल किया था। इसके बाद महाराष्ट्र सरकार ने जमानत रद्द करने की मांग को लेकर सर्वोच्च न्यायालय में याचिका दाखिल की। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने जमानत रद्द करने का आदेश दिया।

सर्वोच्च न्यायालय ने सुनवाई के दौरान डॉक्टरों और चिकित्सा कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर टिप्पणी की। अदालत ने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोगों के साथ इस तरह की मारपीट को किसी भी तरह से स्वीकार नहीं किया जा सकता। इस मामले में अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि अस्पतालों में डॉक्टरों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com