spot_img
Homeआर्टिकलमेरा गाँव मेरा अभिमान फीना: एक सार्थक और अभिनव पहल 

मेरा गाँव मेरा अभिमान फीना: एक सार्थक और अभिनव पहल 

राजेश विक्रांत

बिजनौर (सं भा.) पश्चिम उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर के ग्राम फीना में एक अभिनव सामाजिक कार्यक्रम चलाया जा रहा है, जिसकी चर्चा आवश्यक है। इस अभियान का नाम ‘मेरा गाँव, मेरा अभिमान’ है। इसे गाँव के कुछ बुद्धिजीवी तथा बाहर रह रहे फीना मूल के लोग मिलकर चला रहे हैं। इसके अंतर्गत प्रतिवर्ष 2 अक्टूबर को गांव से व्यवसाय तथा नौकरी के सिलसिले में बाहर जाकर रहने वाले लोग अपने गाँव आते हैं तथा एक सम्मेलन और परिचय कार्यक्रम में सम्मिलित होते हैं। वर्ष 2016-17 में ग्राम फीना मूल के धामपुर निवासी नरेश वत्स ने डॉ० परवेन्द्र कुमार सिंह, डॉ० विश्वपाल सिंह, धीरेश बहदुर राजपूत, नरेश चौहान, भूदेव सिंह, मनोज कुमार राजपूत आदि से इस कार्यक्रम की आवश्यकता पर चर्चा की जिसके क्रम में दो अक्टूबर 2018 को पहली बार कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके बाद प्रतिवर्ष यह कार्यक्रम और बेहतर होता जा रहा है। इसमें शामिल होने वाले लोग केवल परस्पर परिचय और वार्षिक मेलजोल तक ही सीमित नहीं रहे हैं। अब उन्होंने यथाशक्ति अनेक जनोपयोगी कार्य करने भी शुरू कर दिए हैं। मेरा गाँव मेरा अभियान द्वारा ग्रामवासियों को एक एंबुलेंस खरीदकर भेंट की जा चुकी है। इसी अभियान के आवाहन पर चमुंडा देवी मार्ग पर एक प्रवेश द्वार का निर्माण भी कराया गया है। मेरा गाँव मेरा अभिमान के एक संस्थापक सदस्य, डॉ० परवेन्द्र कुमार सिंह अपनी माताजी के नाम पर प्रतिवर्ष फीना मूल के मेधावी बच्चों को लगभग बीस हजार रुपये के इनाम प्रोत्साहन के रूप में दे रहे हैं। इस अभियान के पटल से कई व्यक्तियों ने सामाजिक कार्यों का आवाहन किया है। धीरेश बहादुर राजपूत द्वारा खेड़ा अंत्येष्ठी स्थल पर हॉल का निर्माण, इंजीनियर हेमन्त कुमार द्वारा ग्रामवासियों के सामूहिक प्रयासों से सेनानी स्मारक के निर्माण की परिकल्पना और बेल वाला चौक पर धार्मिक स्थल नीले घोड़े की दूब के विकास का आवाहन इनमें प्रमुख हैं।

कार्यक्रम में परस्पर परिचय तो होता ही है, साथ ही साथ गणमान्य अतिथियों को बुलाकर भी सम्मानित किया जाता है। विगत वर्षों में अनेक क्षेत्रों की कई बड़ी हस्तियाँ इसमें शामिल हो चुकी हैं। बाहर रहने वाले अनेक लोग इस अभियान के कारण प्रतिवर्ष अपने गांव आने लगे हैं। इससे उनका अपने कुटुंब जन, मित्रों तथा पैतृक भूमि से लगाव बढ़ा है। निश्चित रूप से मेरा गाँव मेरा अभिमान एक अत्यंत सार्थक और प्रशंसनीय पहल है। गांव की बेहतरी के लिए भी इस अभियान और कार्यक्रम में चर्चा की जाती है।

 

कार्यक्रम में प्रतिवर्ष कैलेंडर तथा पर्यावरण के अनुकूल कपड़े का थैला भी वितरित किया जाता है। अभियान के संचालन के लिए किसी भी प्रकार के शुल्क की बाध्यता नहीं है। स्वैच्छिक सहयोग से ही यह कार्यक्रम चलाया जा रहा है। वर्तमान में इसकी कार्यकारणी में डॉ० विनोद वत्स अध्यक्ष, धीरेश बहादुर राजपूत सचिव, नरेश वत्स संयोजक, भूदेव सिंह, डॉ० परवेन्द्र कुमार सिंह, ओमपाल सिंह, नीरज चौहान, मनोज कुमार राजपूत आदि अग्रणी भूमिका निभाकर इसको ग्रामवासियों के सहयोग से संचालित कर रहे हैं। ग्रामवासी बड़े हर्षोल्लास के साथ इस कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हैं। यह कार्यक्रम अन्य गांवों के निवासियों के लिए एक प्रेरक उदाहरण बनता जा रहा है। इस बार भी एक संरचना निर्माण की घोषणा की गयी है। निश्चित ही बाहर रहने वाले लोगों को अपने पैतृक स्थान से लगाव बनाए रखने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करते रहना चाहिए।

 

वर्ष 2026 का वार्षिक कार्यक्रम 2 अक्टूबर को गायत्री पब्लिक स्कूल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में किसान नेता पूरन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। दमयंती सेवा संस्थान के अध्यक्ष समाजसेवी डॉ० आदित्य अग्रवाल, डॉ० एन०पी० सिंह विशिष्ट विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम में क्षेत्रीय इतिहास संकलन एवं लेखन अभियान फीना बिजनौर के संस्थापक और स्थानीय इतिहासकार इंजीनियर हेमन्त कुमार के माध्यम से इन पंक्तियों के लेखक (राजेश विक्रांत) को भी विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित कर सम्मानित किया गया था। जहाँ उन्होंने इस कार्यक्रम में पहुँचकर इसकी बारीकियों और उपयोगिता को समझा, सराहा और रिपोर्टिंग की। इस अवसर पर उन्हें क्षेत्रीय इतिहास संकलन एवं लेखन अभियान फीना बिजनौर की तरफ से मुंबई के इतिहास, समाज व संस्कृति पर 07 महत्वपूर्ण कार्य करने के लिए “फीना रत्न” से सम्मानित किया गया। मुरादाबाद के आशुकवि रणधीर सिंह को भी आमंत्रित कर सम्मानित किया गया, उन्होंने ग्राम फीना पर स्वरचित कविता का पाठ किया, जिसकी श्रोताओं ने मुक्त कंठ से सराहना की।

कार्यक्रम में हाईस्कूल के मेधावी विद्यार्थियों खनक राजपूत, लक्ष्य कुमार, विशाल कुमार तथा इंटरमीडिएट के मेधावी विद्यार्थियों भुवनेश कुमार, अविनी चौहान तथा वैष्णवी को डॉ० परवेन्द्र कुमार सिंह ने अपनी माता जी की स्मृति में पारितोषिक धनराशि के साथ सम्मानित किया। डॉ० विनोद वत्स ने कार्यक्रम की अध्यक्षता और धीरेश बहादुर राजपूत ने कार्यक्रम का संचालन किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com