मुंबई (सं.भा.) महानगर में बढ़ते वायु प्रदूषण पर नियंत्रण पाने के लिए सप्ताह में एक दिन सभी निर्माण और तोड़क कार्रवाई से जुड़े कार्य बंद रखने का सुझाव दिया गया है। महाराष्ट्र के सांस्कृतिक कार्य मंत्री एवं मुंबई उपनगर के पालकमंत्री एड. आशीष शेलार ने इस संबंध में बृहन्मुंबई महानगरपालिका आयुक्त अश्विनी भिड़े को पत्र लिखकर तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सर्दियों में प्रदूषण का स्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन को अभी से ठोस उपाय करने चाहिए। शेलार ने पत्र में वायु गुणवत्ता को लेकर नागरिकों की बढ़ती शिकायतों और मुंबई उच्च न्यायालय की चिंता का भी उल्लेख किया।
शेलार ने निर्माण स्थलों पर प्रदूषण नियंत्रण, नियमित निरीक्षण और निर्माण मलबे की निगरानी के लिए किए जा रहे प्रयासों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए और व्यापक कदम उठाने की जरूरत है। उन्होंने मुंबई के लिए अलग श्रेणीबद्ध कार्ययोजना तैयार करने का सुझाव दिया, ताकि हवा की गुणवत्ता खराब होने पर तत्काल उपाय लागू किए जा सकें। प्रदूषण प्रभावित क्षेत्रों में उपचारित अपशिष्ट जल से सड़कों की सफाई, पानी का छिड़काव, रात के समय मशीनों से सफाई, गड्ढों की समय पर मरम्मत और निर्माण स्थलों पर हवा की गुणवत्ता मापने वाले उपकरण लगाने पर भी जोर दिया।
मंत्री ने कचरा जलाने, कचरा स्थलों पर आग लगने और निर्माण मलबा अवैध रूप से फेंकने की शिकायतों के लिए अलग हेल्पलाइन शुरू करने का सुझाव दिया। उन्होंने शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई, दोषियों पर जुर्माना और कार्रवाई की साप्ताहिक रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की। अधिक प्रदूषण वाले क्षेत्रों और प्रमुख यातायात चौराहों पर एंटी-स्मॉग गन तथा पानी की महीन फुहार छोड़ने वाले उपकरणों के इस्तेमाल पर भी जोर दिया। इसके अलावा, मुंबई यातायात पुलिस और क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय के समन्वय से धुआं छोड़ने वाले वाहनों पर सख्ती करने, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्रों की जांच बढ़ाने और वैध प्रमाणपत्र के बिना भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने का सुझाव दिया।
शेलार ने उद्योगों में कोयले के स्थान पर स्वच्छ ईंधन के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए कम ब्याज पर ऋण, करों में छूट और हरित ऊर्जा निधि से आर्थिक सहायता देने पर विचार करने की बात कही। उन्होंने मुंबई महानगर क्षेत्र में सार्वजनिक और निजी परिवहन वाहनों को बिजली से चलने वाले वाहनों में बदलने के लिए प्रोत्साहन योजनाएं शुरू करने तथा नागरिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और उद्योगों को प्रदूषण नियंत्रण अभियान से जोड़ने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि वायु प्रदूषण नागरिकों के स्वास्थ्य और जीवन स्तर से जुड़ी गंभीर समस्या है। इस पर नियंत्रण के लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर तत्काल और दीर्घकालीन उपाय लागू करना आवश्यक है।


