ठाणे (सं.भा.)विकास परियोजना के लिए मैंग्रोव क्षेत्र में रास्ता साफ करने की कथित तैयारी ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर नई चिंता खड़ी कर दी है।ठाणे-मुंबई की सीमा पर स्थित करीब 143 एकड़ क्षेत्र में फैले मैंग्रोव के अस्तित्व पर खतरा मंडराने का आरोप लगाया गया है।यह इलाका फ्लेमिंगो पक्षियों के प्राकृतिक आवास के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जाता है।वन विभाग की ओर से एक परियोजना के लिए अनापत्ति प्रमाणपत्र जारी किए जाने के बाद इस फैसले पर सवाल उठने लगे हैं।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक जितेंद्र आव्हाड ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए मैंग्रोव बचाने के लिए आंदोलन की चेतावनी दी है।
आव्हाड ने आरोप लगाया कि मैंग्रोव क्षेत्रों में कचरा डालकर उन्हें पाटने और विकास परियोजनाओं के नाम पर उनके अस्तित्व को खतरे में डालने की घटनाएं हो रही हैं। उनके मुताबिक, मैंग्रोव पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के साथ-साथ फ्लेमिंगो सहित विभिन्न पक्षियों को प्राकृतिक आवास उपलब्ध कराते हैं। ऐसे में 143 एकड़ क्षेत्र में मैंग्रोव को नुकसान पहुंचने की आशंका गंभीर चिंता का विषय है।
उन्होंने दावा किया कि संबंधित परियोजना के लिए वन विभाग के दो अधिकारियों ने अनापत्ति प्रमाणपत्र जारी किया है। आव्हाड ने सवाल उठाया कि मैंग्रोव संरक्षण को लेकर पर्यावरणीय चिंताएं मौजूद होने के बावजूद इस तरह की अनुमति किस आधार पर दी गई। उन्होंने सरकार से पूरे मामले की जांच कराने और मैंग्रोव क्षेत्र को सुरक्षित रखने के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि सह्याद्रि के आसपास पुराने पेड़ों की कटाई और मैंग्रोव का क्षरण पर्यावरणीय संतुलन को प्रभावित कर सकता है। उनके अनुसार, इसका असर बारिश, तापमान और खेती पर भी पड़ने की आशंका है।
इस मामले में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के ठाणे जिला अध्यक्ष मनोज प्रधान ने भी संबंधित क्षेत्र के पुराने अभिलेखों और पर्यावरणीय स्थिति की दोबारा जांच कराने की मांग की है। उन्होंने बताया कि संबंधित 143 एकड़ क्षेत्र का वर्ष 2005 में हवाई मानचित्रण किया गया था और वर्ष 2021 में इसे इको-सेंसिटिव जोन में शामिल किया गया था। ऐसे में उन्होंने सवाल उठाया कि महज पांच वर्षों में ऐसी क्या परिस्थितियां बदलीं, जिनके कारण इस क्षेत्र को उस दायरे से बाहर करने की स्थिति बनी। उन्होंने पुराने मानचित्रों में दर्ज मैंग्रोव क्षेत्र का नए सिरे से निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।


