मुंबई। (सं.भा.) नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ मुंबई पुलिस की कार्रवाई में बोरीवली पूर्व में तीन कथित तस्कर पकड़े गए हैं। क्राइम ब्रांच की एंटी नारकोटिक्स सेल (एएनसी) की घाटकोपर यूनिट ने वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे के पास कार्रवाई कर आरोपियों के कब्जे से 1 किलो 28 ग्राम मेफेड्रोन (एमडी) ड्रग्स बरामद की है। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 3 करोड़ 8 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, शहर में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एएनसी की घाटकोपर यूनिट ने बोरीवली पूर्व इलाके में संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर कार्रवाई की। पुलिस टीम ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर उनकी तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में मेफेड्रोन बरामद हुआ।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी मादक पदार्थों की तस्करी में कथित तौर पर संलिप्त रहे हैं। पुलिस अब जब्त ड्रग्स के स्रोत, उसकी आपूर्ति और बिक्री से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है। इस कार्रवाई को शहर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।


