spot_img
Homeमहाराष्ट्रमाहिम चौपाटी पर सजे कोली व्यंजनों के स्टॉल, महिलाओं को मिलेगा रोजगार

माहिम चौपाटी पर सजे कोली व्यंजनों के स्टॉल, महिलाओं को मिलेगा रोजगार

मुंबई (सं. भा.) कोली समाज की समृद्ध समुद्री खानपान परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से माहिम चौपाटी पर बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) का पहला सी-फूड प्लाजा फिर से शुरू हो गया है। यहां मुंबईकरों और पर्यटकों को पारंपरिक कोली व्यंजनों का स्वाद चखने के साथ स्थानीय संस्कृति को करीब से जानने का अवसर मिलेगा। 24 अक्टूबर से शुरू हुए महिला बचत समूहों के स्टॉल सप्ताह में चार दिन बुधवार, शुक्रवार, शनिवार और रविवार को शाम 7 बजे से रात 11 बजे तक खुले रहेंगे।

महानगरपालिका ने इस प्लाजा की शुरुआत कोली समुदाय की पारंपरिक खाद्य संस्कृति को प्रोत्साहित करने और महिला बचत समूहों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से की थी। यहां महिलाओं को मछली और अन्य समुद्री उत्पादों से विभिन्न व्यंजन तैयार करने के साथ व्यवसाय संचालन से जुड़े कौशल का प्रशिक्षण भी दिया गया है। इस पहल से महिलाओं को रोजगार और आमदनी के नए अवसर मिलने की उम्मीद है।

प्लाजा के दोबारा शुरू होने के अवसर पर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के गुटनेता एवं जी-उत्तर प्रभाग समिति के अध्यक्ष यशवंत किल्लेदार, मराठी अभिनेता कमलाकर सातपुते और जी-उत्तर विभाग के सहायक आयुक्त योगेश देसाई सहित महानगरपालिका के अधिकारी तथा महिला बचत समूहों की सदस्य उपस्थित रहीं। प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य कोलीवाड़ों की सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण करने के साथ स्थानीय खानपान को लोकप्रिय बनाना और पर्यटन को प्रोत्साहित करना है।

माहिम चौपाटी स्थित सी-फूड प्लाजा को आकर्षक रोशनी, सेल्फी पॉइंट और आरामदायक बैठने की व्यवस्था से सजाया गया है। यहां आने वाले लोग पारंपरिक कोली व्यंजनों का आनंद लेने के साथ स्थानीय कोली गीतों से भी रूबरू हो सकेंगे। पिछले कुछ वर्षों में इस प्लाजा में हजारों पर्यटक पहुंच चुके हैं। जी-उत्तर विभाग के सहायक आयुक्त योगेश देसाई ने मुंबईकरों से बड़ी संख्या में यहां पहुंचकर कोली समाज की पारंपरिक खानपान संस्कृति को प्रोत्साहित करने की अपील की है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com