प्रयागराज (सं.भा.) अस्पतालों में डॉक्टरों और मरीजों के परिजनों के बीच विवाद तथा मारपीट की खबरें अक्सर सामने आती रहती हैं, लेकिन प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल का मामला कुछ अलग ही मोड़ लेता दिखाई दे रहा है। यहां डॉक्टरों और मरीज के परिजनों के बीच शुरू हुआ विवाद अब अधिवक्ताओं के प्रदर्शन तक पहुंच गया है। सोमवार को 300 से अधिक अधिवक्ताओं ने अस्पताल परिसर में जुटकर नारेबाजी की और संबंधित चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई तथा गिरफ्तारी की मांग की। इसी दौरान मेडिसिन विभाग के कंसल्टेंट डॉ. विभव मिश्रा पर हमले की घटना भी सामने आई, जिसमें वह घायल हो गए। अधिवक्ताओं ने अस्पताल परिसर में स्थित अमर शहीद ठाकुर रोशन सिंह की प्रतिमा के पास एकत्र होकर धरना दिया और पुलिस तथा अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन में अधिक से अधिक अधिवक्ताओं को शामिल करने के लिए सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित कर अपील की गई। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि विवाद में शामिल डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया जाए। हमले में घायल डॉ. मिश्रा का ट्रामा सेंटर में इलाज चल रहा है। प्रदर्शन के कारण अस्पताल की ओपीडी और चिकित्सा सेवाएं प्रभावित होने की जानकारी सामने आई। सार्वजनिक अवकाश के चलते सोमवार को दोपहर 12 बजे तक ओपीडी संचालित हुई, लेकिन आपातकालीन मेडिसिन विभाग में सबसे अधिक असर पड़ने की बात कही गई। बताया गया कि नए मरीजों को भर्ती करने में परेशानी हुई और कुछ गंभीर मरीजों के परिजन उन्हें दूसरे अस्पतालों में ले गए।
एसआरएन अस्पताल में डॉक्टरों पर कार्रवाई की मांग, प्रदर्शन के बीच चिकित्सक घायल
RELATED ARTICLES


