spot_img
Homeमहाराष्ट्रटैक्सी चालकों के लिए नया नियम, मीटर टेस्टिंग में अब नहीं चलेगी...

टैक्सी चालकों के लिए नया नियम, मीटर टेस्टिंग में अब नहीं चलेगी दूसरे आरटीओ की रिपोर्ट

मुंबई (सं.भा.) टैक्सी चालकों को अब मीटर की जांच कराने के लिए अपने आरटीओ क्षेत्र से बाहर जाने की छूट नहीं होगी। परिवहन विभाग ने मीटर टेबल टेस्टिंग की प्रक्रिया को लेकर नई व्यवस्था लागू की है, जिसके तहत वाहन का पंजीकरण जिस आरटीओ में होगा, मीटर की जांच भी उसी क्षेत्र के अधिकृत सेंटर से करानी पड़ेगी। दूसरे क्षेत्र से जारी प्रमाणपत्र के आधार पर अब आरटीओ में काम नहीं चलेगा। परिवहन आयुक्त के इस आदेश से मुंबई और आसपास के इलाकों के टैक्सी चालकों की मीटर जांच प्रक्रिया में बदलाव होगा।
परिवहन आयुक्त कार्यालय की ओर से जारी निर्देश में सभी प्रादेशिक और उपप्रादेशिक परिवहन अधिकारियों को इस व्यवस्था का सख्ती से पालन करने को कहा गया है। नए नियम के अनुसार, टैक्सी मालिकों को अपने वाहन के पंजीकरण वाले आरटीओ के अधिकार क्षेत्र में संचालित अधिकृत मीटर टेबल टेस्टिंग सेंटर पर ही जांच करानी होगी। उदाहरण के तौर पर मुंबई मध्य आरटीओ में पंजीकृत टैक्सी का मीटर बोरीवली या ठाणे के सेंटर पर जांच कराने के बजाय मुंबई मध्य के अधिकृत सेंटर से ही टेस्ट कराना अनिवार्य होगा।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि आरटीओ कार्यालय केवल अपने क्षेत्र के अधिकृत मीटर टेस्टिंग सेंटर से जारी प्रमाणपत्र ही स्वीकार करेंगे। किसी दूसरे आरटीओ के कार्यक्षेत्र में स्थित सेंटर से जारी प्रमाणपत्र को मान्यता नहीं दी जाएगी। इस व्यवस्था का उद्देश्य मीटर जांच की प्रक्रिया को संबंधित आरटीओ के नियंत्रण में रखना और प्रमाणपत्रों की वैधता सुनिश्चित करना है।
यह आदेश मुंबई मध्य, मुंबई पश्चिम, मुंबई पूर्व, ठाणे, पनवेल, बोरीवली, वसई, मीरा-भायंदर, कल्याण, नवी मुंबई और पेण आरटीओ कार्यालयों के लिए जारी किया गया है। ऐसे में टैक्सी चालकों को मीटर की टेस्टिंग कराने से पहले अपने वाहन के पंजीकरण वाले आरटीओ क्षेत्र और वहां उपलब्ध अधिकृत सेंटर की जानकारी लेना जरूरी होगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com