spot_img
Homeमहाराष्ट्रछठ-दिवाली पर घर लौटेंगे प्रवासी, रेलवे ने किया विशेष ट्रेनों का इंतजाम

छठ-दिवाली पर घर लौटेंगे प्रवासी, रेलवे ने किया विशेष ट्रेनों का इंतजाम

मुंबई, (सं. भा.) दिवाली और छठ पूजा पर उत्तर प्रदेश और बिहार स्थित अपने गांव-घर जाने वाले प्रवासियों की भीड़ को देखते हुए मध्य रेल ने विशेष ट्रेनों के संचालन की व्यापक व्यवस्था की है। त्योहारी सीजन में कुल 950 विशेष फेरों का संचालन किया जा रहा है। इस व्यवस्था में पूर्वांचल के प्रमुख शहरों को विशेष प्राथमिकता दी गई है, ताकि मुंबई और पुणे में रहने वाले प्रवासियों को त्योहार पर घर पहुंचने में परेशानी न हो।
रेलवे के अनुसार, मुंबई और पुणे मंडल से उत्तर प्रदेश के लिए कुल 273 विशेष फेरे निर्धारित किए गए हैं। इनमें मुंबई मंडल से 176 और पुणे मंडल से 97 फेरे शामिल हैं। गोरखपुर, बनारस, वाराणसी कैंट, गाजीपुर, मऊ, प्रयागराज, सुल्तानपुर और झांसी जैसे शहरों के लिए अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जा रही हैं।
बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए कुल 282 विशेष फेरों की व्यवस्था की गई है। मुंबई मंडल से दानापुर-पटना, रक्सौल, सहरसा और समस्तीपुर के लिए 135 फेरे, जबकि पुणे मंडल से दानापुर और मुजफ्फरपुर के लिए 139 फेरे निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा नागपुर मंडल से समस्तीपुर के लिए भी 8 विशेष फेरे संचालित किए जा रहे हैं।
मध्य रेल ने अन्य राज्यों के यात्रियों की सुविधा का भी ध्यान रखा है। महाराष्ट्र के विभिन्न शहरों के बीच 193 फेरे चलाए जा रहे हैं। इसके अलावा दिल्ली, राजस्थान, गोवा, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, मध्य प्रदेश और झारखंड के लिए भी विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की गई है। इन ट्रेनों का संचालन 1 अक्टूबर से 30 नवंबर तक चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है। रेलवे ने यात्रियों से समय रहते आरक्षण कराने की अपील की है, ताकि त्योहारों के दौरान अंतिम समय में टिकट की परेशानी से बचा जा सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com