गोरखपुर (सं.भा.) आम लोगों की शिकायतों को गंभीरता से लेकर उनका समय पर समाधान करना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान अधिकारियों को यह निर्देश देते हुए कहा कि फरियादियों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाएं और हर शिकायत का निष्पक्ष एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करें। इस दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 125 लोगों से मुलाकात कर उनकी परेशानियां सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।आ
जनता दर्शन में पहुंचे लोगों के बीच मुख्यमंत्री स्वयं गए और एक-एक कर उनकी शिकायतें सुनीं। उन्होंने लोगों से प्रार्थना पत्र लेकर मौके पर मौजूद प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए सौंपे। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निपटारे में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और पीड़ितों को कार्रवाई का संतोषजनक परिणाम मिलना चाहिए।
इस दौरान कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि पैसे की कमी के कारण किसी जरूरतमंद का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे मरीजों के उपचार का अनुमानित खर्च जल्द तैयार कराकर शासन को भेजें, ताकि आवश्यक धनराशि शीघ्र उपलब्ध कराई जा सके। जनता दर्शन में बच्चों के साथ आई महिलाओं से भी मुख्यमंत्री ने बातचीत की। उन्होंने बच्चों को दुलार किया, आशीर्वाद दिया और चॉकलेट भी भेंट की।


