spot_img
Homeमहाराष्ट्रराकांपा के अलग रुख से महाविकास आघाड़ी की एकजुटता पर संकट: पृथ्वीराज...

राकांपा के अलग रुख से महाविकास आघाड़ी की एकजुटता पर संकट: पृथ्वीराज चव्हाण

मुंबई (सं. भा.)। महाराष्ट्र में विपक्षी गठबंधन की सियासी ताकत और भविष्य को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के संभावित अलग राजनीतिक रुख पर चिंता जताते हुए कहा कि यदि पार्टी गठबंधन के अन्य सहयोगियों से अलग रास्ता अपनाती है, तो महाविकास आघाड़ी की एकजुटता प्रभावित हो सकती है। उन्होंने आगाह किया कि ऐसे किसी भी फैसले से विपक्षी खेमे की ताकत कमजोर पड़ने के साथ महाराष्ट्र की साझा राजनीतिक विचारधारा को भी नुकसान पहुंच सकता है।
परिसीमन विधेयक पर अपनी बात रखते हुए चव्हाण ने कहा कि कांग्रेस हर पांच साल में जनगणना कराने के पक्ष में है। लोकसभा सीटों के पुनर्निर्धारण में राज्यों के बीच मौजूदा प्रतिनिधित्व का अनुपात बनाए रखना जरूरी है, ताकि दक्षिण भारतीय राज्यों के साथ किसी तरह का अन्याय न हो। उन्होंने 1971 की जनगणना के आधार पर लोकसभा सीटों की संख्या स्थिर रखने की आवश्यकता जताई और सांसदों की संख्या 543 से बढ़ाकर करीब 850 किए जाने के प्रस्ताव पर भी सवाल उठाए।
चव्हाण ने कहा कि विपक्षी दलों के बीच आपसी तालमेल और साझा राजनीतिक फैसले बेहद जरूरी हैं। राकांपा का अलग रुख महाविकास आघाड़ी की एकता को कमजोर कर सकता है। उन्होंने आशंका जताई कि इसका असर फुले-शाहू-आंबेडकर की विचारधारा को आगे बढ़ाने वाले साझा राजनीतिक प्रयासों पर भी पड़ सकता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com